Super Dancer Chapter 4: सोनी टीवी के डांसिंग रियलिटी शो सुपर डांसर पर इस वीकेंड सुपरस्टार नीतू कपूर बतौर मेहमान आ रही हैं जिसके कुछ प्रोमोज चैनल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किए हैं। नीतू कपूर के आने पर कंटेस्टेंट्स दिवंगत अभिनेता और नीतू कपूर के पति ऋषि कपूर के गानों पर अपना परफॉर्मेंस देकर एक्टर को श्रद्धांजलि देते हैं जिसे देखकर नीतू कपूर बेहद भावुक हो जाती हैं। शो के जज शिल्पा शेट्टी, अनुराग बसु और गीता कपूर भी ऋषि कपूर की याद में भावुक हो जाते हैं।

कंटेस्टेंट्स ‘पर्दा है पर्दा’, ‘एक मैं और एक तू’ जैसे गानों पर परफॉर्म करते हैं जिसे देखकर नीतू कपूर काफी खुश हो जाती हैं। शो की कंटेस्टेंट अंशिका नीतू कपूर को एक कार्ड गिफ्ट करते हुए कहती हैं कि वो रणबीर कपूर की बहुत बड़ी फैन हैं। जिसके बाद रणबीर कपूर अंशिका से फ़ोन पर बात करते हैं। रणबीर अंशिका को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

नीतू कपूर ऋषि कपूर के गाने पर डांस भी करती हैं। इसके बाद ‘खुल्लम खुला प्यार करेंगे हम दोनों’ गाने पर डांस परफॉर्मेंस के जरिए नीतू कपूर और ऋषि कपूर की प्रेम कहानी दर्शाई जाती है जिसे देखकर नीतू कपूर भावुक हो जाती हैं।  वो रोते हुए कहती हैं, ‘इतना अच्छा ट्रिब्यूट मुझे नहीं लगता किसी ने मुझे कभी दिया हो या फिर कभी दे सकता है। दिल को छू लेने वाला था ये।’

 

ये बातें कहते हुए नीतू कपूर सिसकने लगती हैं जिसके बाद शो के जज शिल्पा शेट्टी, गीता कपूर और अनुराग बसु उन्हें गले लगाते हैं। आपको बता दें कि सोनी टीवी का यह शो हर शनिवार और रविवार को रात 8 बजे से देखा जा सकता है।

 

सोनी टीवी के ही एक और शो पर मशहूर गीतकार जावेद अख्तर आने वाले हैं। इंडिया आइडल 12 शो में इस वीकेंड जावेद अख्तर आ रहे हैं जिसकी जानकारी सोनी टीवी ने सोशल मीडिया के जरिए दी है।

 

एक प्रोमो में देखा जा सकता है कि जावेद अख्तर कंटेस्टेंट अरुणिता के गाने की तारीफ में कह रहे हैं, ‘इसने मुझे लता जी की याद दिला दी।’ अरूणिता ‘वीर जारा’ का गाना ‘तेरे लिए’ पर परफॉर्म कर रही थीं जिसे लता मंगेशकर ने गाया है।