Super 30, Hrithik Roshan: ऋतिक रोशन की फिल्म ‘सुपर 30’ से नया गाना सामने आया है। गाने में आनंद की भूमिका निभा रहे ऋतिक रोशन काफी इफेक्टिव नजर आ रहे हैं। इस गाने में भी काफी क्रिएटिविटी कूट कूट के भरी गई है। फिल्म के इस गाने के शुरुआत में बच्चे आनंद से आकर कहते हैं कि वह बाहरी बच्चों का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उन्हें अंग्रेजी नहीं आती। ऐसे में अग्रेंजी उनके लिए एक बड़ी समस्या बन गई है। अंग्रेजी कमजोर होने के कारण वह अपना कॉन्फिडेंस खो देते हैं।
इस पर आनंद अपना पैंतरा आजमाते हुए बच्चों से कहता है कि ‘होली आ रही है। तुम सब लोगों के सामने नाटक करोगे, अंग्रेजी में।’ इसके बाद गाने की शुरुआत होती है। अजय-अतुल के म्यूजिक ने एक बार फिर यहां जादू बिखेरा है। अमिताभ भट्टाचार्य के बोल भी शानदार हैं। लिरिक्स इतने क्रिएटिव तरीके से म्यूजिक में ढाले गए हैं जिन्हें सुनते हुए बड़ा मजा आता है। गाने के बोल हैं- ‘बसंती नो डांस इन फ्रेंट ऑफ दीज डॉग्स’। देखें वीडियो:-
गाने के अंत में मास्टर साहब बने ऋतिक बताते हैं कि उन्होंन बच्चों को अंग्रेजी में नाटक करने के लिए क्यों कहा? भीड़ की तरफ से मास्टर जी के पास एक सवाल उछल कर आता है। पूछा जाता है कि ‘मास्टर जी, अंग्रेजी को क्यों इतना बढ़ावा दे रहे हैं?’ तभी मास्टर जी कहते हैं- ‘बढ़ावा नहीं दे रहे हैं..अंग्रेजी का डर हटा रहे हैं। ऐसा बहुत दरवाजा है दुनिया में जो सिर्फ इसलिए ही नहीं खुलते हैं, क्योंकि लोग मे आई कम इन नहीं कह पाते हैं।’
फिल्म के इस गाने को फैंस काफी एंजॉय कर रहे हैं। ऋतिक के चाहने वाले तो अंदाजे लगा रहे हैं कि ये फिल्म ब्लॉकबस्टर हिट जाएगी। तो कोई कहता नजर आया कि ऋतिक को इस फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड मिलना पक्की बात है।