Happy Birthday Sunny Deol: 19 अक्टूबर 1957 को जन्मे सनी देओल 66 साल के हो गए हैं। सनी को बॉलीवुड में चालीस साल हो चुके हैं। इन चार दशकों में सनी ने कई तरह के किरदार निभाए। कभी वह एक्शन हीरो बनकर दुश्मनों के छक्के छुड़ाते दिखे तो कभी रोमांस करते नजर आए। हर किरदार में सनी देओल को दर्शकों से भरपूर प्यार मिला।
1983 में फिल्म बेताब से डेब्यू करने वाले सनी देओल ने 2023 में गदर 2 तक लोगों को खूब एंटरटेन किया। सनी काफी सहजता से पर्दे पर आते लोगों की तालियां बटोर के जाते। सनी सिर्फ एक चीज में असहज नजर आते हैं और वो चीज है डांस। ये बात किसी से नहीं छिपी है कि सनी देओल दूसरे एक्टर्स की तरह अच्छे डांसर नहीं हैं। वह खुद भी फिल्मों में डांस करने से बचते हैं। एक बार तो सनी देओल ने डांस सीन शूट करने के लिए पूरे सेट को खाली करवा दिया था।
जानिए क्या था मामला
ये मामला है साल 1996 में आई फिल्म जीत का। फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। फिल्म में सनी के साथ सलमान खान और करिश्मा कपूर भी थे। फिल्म में ‘यारा ओ यारा’ करके एक गाना था। इस गाने में सनी देओल को डांस करना था। लेकिन डांस को लेकर वह नर्वस थे। काफी तैयारी के बाद भी उन्हें लग रहा था कि वह इसे ठीक से कर नहीं पाएंगे।
सनी इतने नर्वस हो गए कि उन्होंने फिल्म डायरेक्टर से मांग कर दी कि जब ये गाना शूट होना हो तो सेट पर सिर्फ कोरियोग्राफर और कैमरामैन मौजूद रहें बाकी लोगों को हटा दिया जाए। सनी देओल को डर था कि उनके खराब डांस का लोग खूब मजाक उड़ाएंगे। डायरेक्टर ने भी सनी देओल की बात मानी और सेट खाली करवा दिया।
सनी देओल की पहचान बन गया वो डांस स्टेप
गाना जैसे तैसे शूट हुआ। कई रीटेक हुए। जब फिल्म रिलीज हुई तो गाना सुपरहिट हुआ। गाना ना सिर्फ हिट हुआ बल्कि उसमें सनी देओल के जो डांस स्टेप्स थे वो उनकी पहचान बन गए। करीब 30 साल बाद भी यारा ओ यारा काफी सुना और देखा जाता है। सोशल मीडिया पर भी उस गाने पर काफी मीम्स बन चुके हैं।
करियर के सुनहरे दौर में सनी
फिलहाल सनी देओल अब काफी आगे चुके हैं। वह उम्र के इस पड़ाव पर अपने करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म गदर 2 को लेकर भी काफी एक्साइटेड नजर आते हैं। ऐसी खबरें हैं कि फिल्म में 15 करोड़ की फीस लेकर तारा सिंह बनने वाले सनी देओल ने अपनी अगली फिल्म बॉर्डर 2 के लिए फीस बढ़ाकर 50 करोड़ कर दी है।