बॉलीवुड के एक्टर सुनील शेट्टी ने फैंस को अपने खंडाला वाले बंगले का टूर कराया है। एक्टर का बंगला उनके साधारण स्वभाव को दर्शाता है। इसमें ऊंची छतें और भरपूर प्राकृतिक धूप है। घर में तरह-तरह के पेड़-पौधे लगे हैं। जिससे पता चलता है कि उन्हें प्राकृति से कितना प्रेम है। अन्ना के बंगले में हर एक सुविधा है, चाहें वो उनका पूल हो या प्राइवेट थियेटर, उनका बंगला हर सुविधा से लैस है।

यूट्यूब के ‘व्हेयर द हार्ट इज’ शो के लेटेस्ट एपिसोड में सुनील शेट्टी ने दर्शको को अपना आशियाना दिखाया। इस शो में सेलिब्रिटी फैंस को अपने घर के कोने-कोने से रूबरू कराते हैं। सुनील शेट्टी ने भी अपना खंडाला वाला आलीशान बंगला फैंस को दिखाया। सबसे पहले उन्होंने अपने लिविंग रूम से शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि उन्हें पौधों से अलग ही लगाव है, इसलिए उन्होंने घर के अंदर वनस्पति को शामिल किया है। फिर उन्होंने अपना आउटडोर आंगन दिखाया, जिससे आसमान साफ दिखाई पड़ता है। सुनील शेट्टी ने कहा रात में यहां से तारे दिखाई देते है।

थिएटर का दिखाया नजारा: इसके बाद अन्ना ने अपने फैंस को उनका निजी थिएटर दिखाया। जिसमें उनकी सभी फिल्मों के पोस्टर लगे हैं। उन्होंने बताया कि वह तनाव को दूर करने के लिए यहां आते हैं। सुनील शेट्टी ने अपने स्विमिंग पूल के पास पोज देते हुए फैंस को उसके बारे में बताया। इसके साथ ही उनके घर पर एक छोटी नहर भी है, जिसपर खूबसूरत सा पुल बना है। आखिरी में उन्होंने चट्टान के किनारे बने अपने बगीचे का दर्शन कराया।

बचपन की यादों को ताजा करता है उनका घर: सुनील शेट्टी ने बताया कि इस घर के सहारे वह अपनी बचपन की यादों को जी सकते हैं। एक्टर ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया, कई साल पहले वह होली मनाने इस जगह पर आए थे। तब उनके बेटे अहान ने कहा था कि इस जगह को और भी खूबसूरत बनाया जा सकता है। तब सुनील और उनकी पत्नी ने इस जमीन को बेहतर बनाने के लिए इसपर घर बनाया, और ढेर सारे पौधे लगाए। उनकी पत्नी मना शेट्टी के माता-पिता के कहने पर उन्होंने इस बंगले का नाम ‘जहान’ रखा।