टेनिस स्टार सानिया मिर्जा फैन्स से कनेक्ट रहने के लिए सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव रहती हैं। एक ट्विटर यूजर ने सानिया के पति शोएब को लेकर एक ऐसी खबर शेयर की जिसे देखकर सानिया अपना माथा पीटने पर मजबूर हो गईं। पूरा मामला कुछ ऐसा है, शोएब ने सानिया के साथ एक तस्वीर शेयर की थी जिसमें उन्होंने कैप्शन लिखा- विद बाय (बेबी के साथ)। जिस पर एक अखबार ने खबर छापी कि सानिया को मिला नया नाम। ट्विटर यूजर इस खबर को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। सानिया ने इसी खबर को शेयर करते हुए माथा पीटने वाली इमोजी का इस्तेमाल किया है।

सानिया मिर्जा पिछले दिनों मैटरनिटी फोटोशूट को लेकर सुर्खियां बटोर चुकी हैं। टेनिस स्टार जल्द ही मां बनने वाली हैं। यही वजह है कि प्रोफेशनल लाइफ से दूर आजकल वह खुद का पूरा ख्याल रख रही हैं। सानिया ने कुछ दिनों पहले बेबी बंप के साथ इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की थीं जिसमें उनके चेहरे पर प्रेग्नेंसी ग्लो को साफ तौर पर देखा जा सकता है।

बता दें कि सानिया ने साल 2010 में पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ शादी की थी। इसके चलते सानिया को लोगों की आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था। हालांकि सानिया ने कमेंट्स को नजरदांज कर लगातर टेनिस की दुनिया में अच्छा प्रदर्शन किया। सानिया और शोएब ने इसी साल अप्रैल में मिर्जा मलिक वाली टी-शर्ट की तस्वीर को शेयर कर फैन्स को खुशखबरी दी थी कि वह दोनों माता-पिता बनने वाले हैं। खबरों की मानें तो सानिया अक्टूबर में बच्चे को जन्म दे सकती हैं।