राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर हॉरर कॉमेडी फिल्म स्त्री रिलीज हो गई है। फिल्म की कहानी में राजकुमार एक टेलर बने हुए हैं। फिल्म में उन्हें एक ऐसी लड़की मिलती है जो सिर्फ एक खास वक्त में ही उनसे मिलने आती है। दोनों के बीच प्यार हो जाता है। लेकिन लड़के के दोस्तों को आभास होता है कि लड़की साल में सिर्फ एक बार मिलने आती है, वह भी एक खास समय पर और यही से फिल्म की कहानी में एक खतरनाक मोड़ आता है।

दरअसल ये फिल्म एक चुड़ैल के बारे में है। ये हर साल पूजा की चार रात शहर में आती है और मर्दों को मारकर सिर्फ उनके कपड़े छोड़ जाती है। 1990 के दौर में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में एक जबरदस्त अफवाह फैली थी। ये अफवाह एक चुड़ैल के बारे में थी। माना जाता था कि एक चुड़ैल रात के वक्त शहर की गली-मोहल्लों में घूमती है और मर्दों की तलाश में रहती है। ये चुड़ैल लोगों के घर का दरवाज़ा खटखटाती और प्यारी सी आवाज़ में घर पर मौजूद पुरूषों को आवाज़ लगाती। अक्सर ये आवाज़ पुरूष की मां या बहन जैसी होती है। अगर ये आवाज़ सुनकर पुरूष बाहर आ जाता है तो चुड़ैल उसे 24 घंटों के अंदर मार देती है।

उस दौर में कर्नाटक के लोगों में दहशत फैल गई थी और लोग इस अंधविश्वास के चलते रात को घर से बाहर भी नहीं निकलते थे। लेकिन आखिरकार लोगों ने इस चुड़ैल से बचने का एक तरीका सोचा। ये तरीका था नाले बा। नाले बा का मतलब है कल आना। उस दौर में लोग अपने घर के बाहर नाले बा लिख देते थे। लोगों का ऐसा मानना था कि दरवाजे पर नाले बा लिखा देख कर चुड़ैल वापस लौट जाती है।

हालांकि, आज तक इस अंधविश्वास का कोई खुलासा नहीं हुआ है। लेकिन, कर्नाटक में हर 1 अप्रैल को ‘नाले बा डे’ मनाते हैं। चुड़ैल के डर से लोग अपने घर के बाहर- ‘ओ स्त्री कल आना’ लिखते हैं। पूजा की चार रातों में गांव के अंदर स्त्री का कहर बढ़ जाता है। हालांकि, इस फिल्म के मेकर्स ने साफ किया है कि फिल्म किसी भी तरीके से अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देती है। गौरतलब है कि स्त्री की कहानी मध्य प्रदेश के चंदेरी नामक स्थान पर बेस्ड है। इस फिल्म में राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर के अलावा पंकज त्रिपाठी भी मुख्य भूमिका में है।