कुमकुम भाग्य फेम सृति झा ने अपने को-स्टार शब्बीर अहलूवालिया के साथ शो को अलविदा कह दिया था। उनका शो छोड़ना फैंस के लिए बड़े सदमे से कम नहीं था। शो में नया ट्रैक और किरदार आने के बाद भी फैंस मेकर्स से अभि और प्रज्ञा को वापस लाने की मांग कर रहे थे। ये शो साल 2014 से दर्शकों का फेवरेट रहा है। शो को छोड़ने पर सृति ने खुलकर बात की और बताया कि उन्होंने ये फैसला क्यों लिया था।
सृति इन दिनों केपटाउन में हैं और खतरों के खिलाड़ी की शूटिंग कर रही हैं। हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए सृति ने बताया उन्हें और शब्बीर को शो की कहानी के मुताबिक शो छोड़ना पड़ा। प्रज्ञा और अभि के कोमा में जाने के बाद शो में एक नया ट्विस्ट आया और कहानी कहीं और ही मुड़ गई। शो में अगली पीड़ी दिखाई गई और ट्रैक उन्हीं के इर्द गीर्द घूमने लगा।
शो में खास रिश्ते बनाए हैं: सृति ने कहा कि कहानी को आगे बढ़ाने की जरूरत थी, जिसे बहुत ही खूबसूरती से आगे ले जाया गया। शो के लिए ये ही सही था। अब शो बहुत अच्छा चल रहा है और मैं अब भी शो की टीम के संपर्क में हूं। शो में कुछ नहीं खोया है, वहां मुझे कई अच्छे दोस्त मिले हैं।
आपको बता दें कि सृति इन दिनों साउथ अफ्रीका के केपटाउन में 13 अन्य सैलिब्रिटीज और रोहित शेट्टी के साथ खतरों के खिलाड़ी 12 का शूटिंग कर रही हैं। शो के प्रोमो में उन्हें जानवरों के साथ खतरनाक स्टंट करते भी दिखाया गया है।
सृति को मगरमच्छ के बच्चों के साथ टास्क करते और गले में सांप डालकर रस्सी पर चलते दिखाया गया है। ये स्टंट करते हुए सृति गा रही हैं, खतरों से खेलने की थी एक मेरी जिद, जिसके लिए करना पड़ा क्रोकोडाइल को किस। सांप ने किया Hisss,मम्मी को किया मिस। हिस… मिस.. किस।
इस बार खतरों के खिलाड़ी में सृति के अलावा रुबीना दिलैक, मिस्टर फैजू, जन्नत जुबैर, शिवांगी जोशी, राजीव अदातिया समेत कई जाने-माने सैलिब्रिटी हैं। ये शो 2 जुलाई से शुरू होने वाला है।