श्रीदेवी की खूबसूरती, नृत्य और अभिनय के दीवाने सभी हैं। उनकी बड़ी- बड़ी खूबसूरत आंखें सबके दिलों में घर कर जाती थीं। दर्शक तो उनके फैन थे ही बॉलीवुड के लोग भी उनकी खूबसूरती की तारीफ करते नहीं थकते थे। उन्हीं में से एक थे संजय दत्त भी। संजय दत्त श्रीदेवी के बड़े फैन थे लेकिन श्रीदेवी उन्हें पसंद नहीं करती थीं। वो संजय के शराब और ड्रग्स की आदत से सख्त चिढ़ती थीं। एक बार तो ऐसी घटना हुई जिसके बाद श्रीदेवी ने संजय दत्त के साथ काम करने से ही इंकार कर दिया था। संजय दत्त ने खुद इस घटना का खुलासा किया था।
फिल्मफेयर मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में संजय दत्त ने बताया था कि ये घटना तब की है जब श्रीदेवी 1983 में फ़िल्म हिम्मतवाला के लिए शूट कर रही थीं। उन दिनों संजय दत्त शराब और ड्रग्स की बुरी लत का शिकार थे। संजय दत्त श्रीदेवी के बड़े फैन थे इसलिए उनसे मिलने हिम्मतवाला फिल्म के सेट पर पहुंचे। संजय ने बताया कि उस दौरान वो नशे की हालत में थे। जब वो सेट पर पहुंचे तो उनसे कहा गया कि श्रीदेवी अपने मेकअप रुम में हैं।
इसके बाद संजय मेकअप रूम की तरफ बढ़े। जैसे ही श्रीदेवी ने उन्हें अपने रूम की तरफ आते देखा तो दरवाजा बंद कर लिया। वो नशे में धूत संजय दत्त को देखकर घबरा गईं थीं। संजय दत्त ने बताया था कि जब वो दरवाजे पर गए, उसके बाद उन्हें याद नहीं कि क्या हुआ था। इस घटना के बाद श्रीदेवी संजय दत्त के शराब की आदत से बहुत चिढ़ गईं और उन्होंने कसम खा ली कि कभी वो संजय दत्त के साथ काम नहीं करेंगी।
लेकिन बदलते वक्त में श्रीदेवी को संजय दत्त के साथ काम करना पड़ा। उन दिनों श्रीदेवी का करियर कुछ ठीक नहीं चल रहा था। महेश भट्ट ने जब उन्हें संजय दत्त के साथ फ़िल्म गुमराह का ऑफर दिया तो वो मना नहीं कर सकीं। लेकिन सेट पर दोनों के बीच बिलकुल बात नहीं होती थी। इस फ़िल्म के बाद दोनों फिर कभी साथ में नजर नहीं आए।
श्रीदेवी ने अपने फिल्मी करियर में कई दमदार फिल्में की जैसे – चांदनी, खुदा गवाह, निगाहें, नगीना, इंग्लिश विंग्लिश, मॉम आदि। श्रीदेवी के फैंस के लिए बुरी खबर तब आई जब 54 साल की उम्र में उनका आकस्मिक निधन हो गया। 24 फरवरी 2018 को श्रीदेवी दुबई के एक होटल में बाथ टब में मृत पाई गई थीं। वो अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थीं। उनकी मौत को अचानक डूबने से हुई मौत बताया गया।