देश की पहली लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी कपूर का कुछ ही देर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं इससे पहले श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मोगरा के फूलों से सजाया गया है। इस दौरान श्रीदेवी को आखिरी बार दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। श्रीदेवी को लाल रंग की बनारसी साड़ी पहनाई गई है। वहीं उन्हें लिप्सटिक, बिन्दी, काजल और पाउडर लगाया गया है। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर के पास सोनम कपूर,अर्जुन कपूर और आनंद अहूजा खड़े हैं। वहीं बोनी कपूर के छोटे भाई और श्रीदेवी के देवर संजय कपूर श्रीदेवी के अंतिम दर्शनों के लिए आए बॉलीवुड सेलेब्स की देखरेख करते नजर आ रहे हैं। बोनी कपूर अपनी दोनों बच्चियां खुशी कपूर और जाह्नवी कपूर के साथ खड़े दिखाई दिए।
इस दुख की घड़ी में बॉलीवुड के बड़े-बड़े स्टार्स श्रीदेवी को अंतिम बिदाई देने पहुंच रहे हैं। इस दौरान विद्या बालन भी श्रीदेवी के आखिरी दर्शन को पहुंची। मौजूद लोगों के मुताबिक विद्या बालन श्रीदेवी के दर्शनों के बाद वहां से रोते हुए बाहर आईं। बता दें, श्रीदेवी की मौत दुबई में शनिवार देर रात हुई थी। वहीं श्रीदेवी का पार्थिव शरीर भारत में मंगलवार रात को पहुंचा। वहीं अब श्रीदेवी का पार्थिव शरीर आखिरी दर्शनों के लिए मुंबई के Celebration Sports Club में रखा गया है। श्रीदेवी का अंतिम संस्कार करीब 2 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा।

श्रीदेवी दुबई अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शरीक होने परिवार के साथ दुबई पहुंची थीं। इस दौरान पति बोनी कपूर और बेटी खुशी कपूर श्रीदेवी के साथ थे। बड़ी बेटी जाह्नवी इस शादी में परिवार के साथ शामिल नहीं हो पाई थीं। जल्द ही श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी फिल्म ‘धड़क’ से बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। इसी फिल्म की शूटिंग में जाह्ननी बिजी थीं और दुबई नहीं जा पाई थीं। जहां श्रीदेवी की छोटी बेटी को अपनी मॉम के साथ वक्त गुजारने का वक्त मिला वहीं श्रीदेवी की बड़ी बेटी आखिरी वक्त में उनके साथ वक्त नहीं बिता पाईं। बता दें, श्रीदेवी जाह्नवी कपूर को उनके डेब्यू के लिए तैयार कर रही थीं। श्रीदेवी अपनी बेटी को बड़े पर्दे पर एक्टिंग करते हुए देखना चाहती थीं।


