केरल के वायनाड में 29 जुलाई को तेज बारिश हुई, जिसके बाद वहां तबाही का मंजर देखने के लिए मिला। साल 2013 में यही मंजर केदारनाथ में देखने के लिए मिला था। बादल फटने के बाद हजारों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। ऐसे में अब वायनाड में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुई और अब तक 365 लोग मारे जा चुके हैं। इस हादसे में 206 लोग अभी भी लापता हैं। यहां पर राहत और बचाव कार्य जारी है। लापता लोगों के लिए सर्च ऑपरेशन भी जारी है। ऐसे में अब सेलेब्स भी एक-एक पीड़ितों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। केरल के मुख्यमंत्री राहत कोष में सेलेब्स दान कर रहे हैं। इस लिस्ट में साउथ के बड़े एक्टर्स के नाम भी सामने आए हैं। इसमें चिरंजीवी और राम चरण जैसे बड़े सेलेब्स के नाम शामिल हो गए हैं। चलिए बताते हैं किसी साउथ एक्टर ने कितनी राशि आर्थिक मदद के लिए दान की है।

साउथ के जाने-माने एक्टर और टेरिटोरीयल आर्मी के लेफ्टिनेंट कर्नल मोहनलाल भी वायनाड में पीड़ितों की मदद के लिए खुद गए हैं। आर्मी की वर्दी पहन मोहनलाल रेस्क्यू में जुट गए हैं। उन्होंने लैंडस्लाइड से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। एक्टर ने लोगों की मदद के साथ-साथ राहत कोष में 3 करोड़ की राशि दान करने का भी ऐलान किया है।

चिरंजीवी ने दान किए 1 करोड़

चिरंजीवी ने हाल ही में अपने एक्स यानि कि ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने पीड़ितों को लिए दुख जताया और लिखा कि पिछले कुछ दिनों से केरल में प्रकृति का कहर देखने के लिए मिल रहा है। इस कहर से तबाही हो गई है और सैकड़ों जिंदगियां दांव पर लग गई हैं। एक्टर ने पीड़ितों के लिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने पीड़ितों की मदद के लिए एक करोड़ की राशि का ऐलान किया है।

अल्लू अर्जुन ने किया 25 लाख का ऐलान

इस लिस्ट में ‘पुष्पा’ स्टार अल्लू अर्जुन का नाम भी शामिल है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर जानकारी दी है कि वो वायनाड के पीड़ितों के लिए 25 लाख की राशि दानकर उनकी मदद करना चाहते हैं। एक्टर ने वहां फंसे लोगों की सुरक्षा की कामना भी की। इन दिनों एक्टर फिल्म ‘पुष्पा द रूल’ की शूटिंग में बिजी हैं।

ज्योतिका और सूर्या समेत इन्होंने भी की मदद

बहरहाल, अगर बाकी के साउथ एक्टर्स की बारे में बात की जाए तो ज्योतिका और सूर्या समेत साउथ के कई स्टार्स ने भी पीड़ितों के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। इस लिस्ट में ज्योतिका, कार्थी और सूर्या ने 50 लाख की राशि दान करने का ऐलान किया है। वहीं, रश्मिका ने 10 लाख तो मलयालम एक्टर फहाद फासिल ने 25 लाख की राशि राहत कोष में दान की है। इसके साथ ही फहाद ने इस मुश्किल घड़ी में पीड़ितों के लिए प्रार्थना की और उनके लिए दुख व्यक्त किया है।

वहीं, अभी ये लिस्ट यहीं खत्म नहीं हुई है। इसमें तमिल स्टार विक्रम जैसे एक्टर का नाम भी शामिल है। उन्होंने 20 लाख की राशि दान की है। मलयालम एक्टर ममूटी और उनके बेटे दुलकर सलमान ने 35 लाख दान किए हैं। इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि ममूटी का चैरिटेबल ट्रस्ट भी पीड़ितों की मदद में लगा हुआ है। वो लोगों को रोजमर्रा के जरूरी सामान उपलब्ध करवा रहे हैं।