पैन इंडिया स्टार थलापति विजय (Thalapathy Vijay) 50 साल के हो गए हैं। बीते दिन ही उनका बर्थडे सेलिब्रेशन किया गया। उनके जन्मदिन के मौके पर फैंस भी काफी खुश थे। उन्होंने भी एक्टर के जन्मदिन का जश्न मनाया है। चेन्नई के नीलांकरई इलाके में आयोजित एक्टर विजय की बर्थडे पार्टी में बच्चों ने हाथों पर पेट्रोल डालने और टाइल्स तोड़ने जैसे एडवेंचर किए। इसी बीच एक हादसा हो गया और एक शख्स के हाथ में आग गई। बताया जा रहा है कि शख्स पेट्रोल से स्टंट कर रहा था।

सोशल मीडिया पर थलापति विजय के फैन का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि वो हाथ में आग लगाकर टाइल्स को तोड़ता है। इसके बाद जब आग नहीं बुझती है और वो तेज होती है तो जोर-जोर से चिल्लाने लगता है। हाथ को झटकता है। लेकिन हाथ में पेट्रोल होने की वजह से आग नहीं बुझती है। इस दौरान मौजूद लोगों ने आग बुझाकर उसकी जान बचाई। इलाज के लिए नीलांगराय के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया है।

बिना परमिशन किया स्टंट

विजय के घायल फैन का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, रिपोर्ट्स की मानें तो कहा जा रहा है कि शख्स पानी के कैन में पेट्रोल खरीदकर लाया था और इस एडवेंचर में शामिल हुआ था। ये भी बताया गया है कि उसने इस तरह के एडवेंचर करने के लिए कोई औपचारिक अनुमति नहीं ली थी। आपको बता दें कि पानी के डिब्बे या फिर बोतल में पेट्रोल खरीदना भी गैरकानूनी है।

फैंस को बर्थडे मनाने से किया था मना!

आपको बता दें कि थलापति विजय ने अपना बर्थडे फैंस को मनाने से मना किया था। इसकी वजह थी कल्लाकुरिची अवैध शराब घटना में 50 से अधिक लोगों की मौत हो जाना। इसके बाद एक्टर विजय का तमिलगा कजगम के महासचिव बुस्सी आनंद के माध्यम से एक बयान सामने आया था। इसमें उन्होंने कहा था कि फैंस को पीड़ितों की मदद करनी चाहिए और उनका बर्थडे नहीं मनाना चाहिए।

बहरहाल, अगर विजय की अपकमिंग फिल्म की बात की जाए तो वो ‘गोट’ में नजर आने वाले हैं। बर्थडे पर इस मूवी का धमाकेदार टीजर जारी किया गया है। इसमें विजय डबल रोल प्ले करने वाले हैं। ‘गोट’ इस साल 5 सितंबर को रिलीज होने के लिए तैयार है।