फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे सितारे हैं, जिसकी दोस्ती के खूब चर्चे होते हैं। बॉलीवुड और साउथ स्टार्स की दोस्ती भी खूब जमती है। इवेंट और पार्टी में अक्सर उन्हें साथ में देखा जाता है। इसी लिस्ट में चर्चित दोस्ती अमिताभ बच्चन और रजनीकांत की भी रही है। 90 के दशक में अमिताभ बच्चन और रजनीकांत की जोड़ी कई फिल्मों में नजर आई। इसमें ‘हम’ और ‘अंधा कानून’ जैसी फिल्में रही हैं। ऐसे में अब सालों के बाद एक बार फिर से इनकी जोड़ी पर्दे पर नजर आने वाली है। इस फिल्म का टाइटल ‘वेट्टैय्यन’ है। इसी बीच साउथ के एक्टर ने बिग बी के आर्थिक तंगी के दिनों को याद किया है। चलिए बताते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

दरअसल, फिल्म ‘वेट्टैय्यन’ का हाल ही में ऑडियो लॉन्च इवेंट रखा गया था। इसे अमिताभ बच्चन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ज्वॉइन किया था। इस दौरान रजनीकांत भी मौजूद थे और उन्होंने बिग बी के आर्थिक तंगी के दिनों को याद किया। जब उन्हें बड़ा लॉस सहन करना पड़ा था। वो एक फिल्म प्रोड्यूस कर रहे थे। ये उनकी लाइफ बड़ा लॉस था।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट की मानें तो रजनीकांत ने बिग बी के बुरे दिनों को याद करते हुए बताया कि इस दौरान एक्टर के पास अपने वॉचमैन को सैलरी देने तक के पैसे नहीं थे। अमिताभ के जुहू वाले घर की सरेआम बोली लगाई जा रही थी। सारा बॉलीवुड उन पर हंस रहा था। लोग उनके डाउनफॉल का इंतजार कर रहे थे। लेकिन, 3 सालों में उन्होंने सभी विज्ञापन किए। केबीसी जैसे शो का हिस्सा बने और पैसे कमाए। फिर बिग बी ने जुहू वाले घर के साथ तीनों घर खरीदे। वो आज 82 साल की उम्र में भी 10 घंटे काम कर रहे हैं।

जब अमिताभ बच्चे के लिए विदेश से लौट आईं इंदिरा गांधी

रजनीकांत ने ये भी कहा कि अमिताभ बच्चन के लिए भले ही वो काफी बुरा समय रहा लेकिन, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। सिचुएशन का सामना किया और मेहनत करके वो इससे उबरे। थलाइवा ने उस किस्से का भी जिक्र किया जब इंदिरा गांधी उनके लिए विदेश से लौट आई थीं। रजनीकांत बताते हैं, ‘अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन बेहतरीन राइटर थे। वो कुछ भी अपने इन्फ्लुएंस से कर सकते थे। लेकिन, उनके परिवार के इन्फ्लुएंस के बिना उन्होंने अपना करियर अकेले ही बनाया। एक बार अमिताभ बच्चन का एक्सीडेंट हो गया था। उस समय इंदिरा गांधी विदेश में थीं। जब उन्हें बिग बी के बारे में पता चला तो वो वापस भारत लौट आईं। उस समय पता चला था कि राजीव गांधी और अमिताभ साथ में पढ़े हैं।’

इस दिन रिलीज होगी अमिताभ और रजनीकांत की फिल्म

आपको बता दें कि रजनीकांत और अमिताभ बच्चन की जोड़ी तीन दशक के बाद साथ नजर आने वाली है। दोनों की जोड़ी को पर्दे पर फिर से देखने के लिए फैंस बेताब हैं और ‘वेट्टैय्यन’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसे 10 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म में बिग बी सत्यदेव का किरदार निभा रहे हैं। ये रजनीकांत की 170वीं फिल्म है।