जहां देशभर में दिवाली की धूम देखने के लिए मिल रही है और चारों ओर जश्न का माहौल है। वहीं, साउथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी बुरी खबर सामने आ रही है कि एक्टर, कॉमेडियन मल्लमपल्ली चंद्र मोहन का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह 9.45 बजे हैदराबाद स्थित जुबली हिल्स के एक प्राइवेट अस्पताल में अंतिम सांस ली। वो 82 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बताया जा रहा है कि उनकी दिल से जुड़ी बीमारी का इलाज चल रहा था। उन्हें तमिलनाडु के बड़े अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जा चुका है।

चंद्र मोहन के निधन से फैमिली में ही नहीं बल्कि साउथ इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। परिवार और फैंस गम में हैं। सोशल मीडिया पर उनके फैंस शोक व्यक्त कर रहे हैं। चंद्र मोहन अपने पीछे पत्नी और 2 बेटियों को अकेले छोड़ गए हैं। आपको बता दें कि एक्टर दिग्गज फिल्ममेकर के विश्वनाथ के चचेरे भाई हैं। खबरों में बताया जा रहा है कि चंद्रमोहन का अंतिम संस्कार सोमवार यानी कि 13 नवंबर को किया जाएगा। उन्होंने साउथ के कई बड़े सुपरस्टार्स संग काम किया है। उनके निधन पर वेंकटेश दग्गुबाती, नानी, राम चरण और साई धरम तेज जैसे स्टार्स ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है।

चंद्र मोहन का असली नाम?

चंद्र मोहन के करियर की बात की जाए तो उन्होंने साल 1966 में आई फिल्म ‘रंगुला रत्नम’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक्टर ने श्रीदेवी, जया प्रदा, जयासुधा जैसी एक्ट्रेस के साथ भी काम किया। उनका जन्म 23 मई 1943 को आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के पमिदिमुक्कुला गांव में हुआ था और असली नाम चंद्रशेखर राव मल्लमपल्ली था।

मिल चुके ये अवॉर्ड्स

गौरतलब है कि चंद्र मोहन को बेस्टर एक्टर का अवॉर्ड भी मिल चुका है। उन्हें साल 1979 में आई फिल्म ‘पदाहारेला वायसु’ में बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए फिल्मफेयर का बेस्ट एक्टर अवॉर्ड मिला था। उन्होंने 1987 में ‘चंदामामा रावे’ के लिए नंदी पुरस्कार जीता था।

2021 में आई थी आखिरी फिल्म

अब अगर चंद्र मोहन की आखिरी फिल्म की बात की जाए तो उन्हें आखिरी बार साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘ऑक्सीजन’ के जरिए पर्दे पर देखा गया था। एक्टर ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्मों में भी काम किया, जिसमें उन्होंने कैरेक्टर आर्टिस्ट का रोल प्ले किया था। उन्होंने ‘7/जी बृंदावन कॉलोनी’ में लीड हीरो के पिता की भूमिका निभाई थी।