साल 2024 और 2025 में फिल्मी दुनिया, ओटीटी, और टेलीविजन हर जगह जय श्रीराम का नारा गूंजेगा। टीवी पर जहां कई धारावाहिक रामायण, बजरंगबली, मां सीता पर प्रस्तुत हो रहे हैं। वहीं, 2024 में कई फिल्में ऐसी बन रही हैं जो रामायण व महाभारत पर आधारित है। इसके अलावा ओटीटी पर भी रामायण से संबंधित कई वेब शृंखला 2024 में आने वाली है। सोशल मीडिया के युग में पौराणिक कथाओं में दर्शकों की रुचि आश्चर्यजनक है। ऐसे में कहना गलत न होगा कि भारत का बच्चा-बच्चा, जय-जय श्रीराम बोलेगा। एक निगाह…

अक्षय कुमार की बड़े बजट की फिल्म ‘रामसेतु’ और प्रभास की ‘आदि पुरुष’ की अपार असफलता के बावजूद 2024 में कई ऐसी पौराणिक फिल्में बन रही है जिनका बजट 500 से 1000 करोड़ के करीब है। इतना ही नहीं छोटे पर्दे पर भी भव्य तरीके से पौराणिक धारावाहिकों का प्रसारण हो रहा है। ओटीटी पर भी पौराणिक कथाओं पर आधारित वेब शृंखलाओं का आगमन हो रहा है।

छोटे पर्दे और ओटीटी पर पौराणिक कथाओं का बोलबाला

यह कहना गलत ना होगा की पौराणिक धारवाहिकों को हमेशा ही पसंद किया गया है। इसी कारण सोनी एंटरटेनमेंट चैनल पर भव्य अंदाज में 1 जनवरी से श्रीमद् रामायण पौराणिक धारावाहिक का आगमन हुआ है। वहीं कलर्स चैनल पर ‘शिव शक्ति तप त्याग तपस्या’ जो 2023 में बहुत लोकप्रिय रहा वहीं अब 2024 में भी अच्छी रेटिंग के साथ प्रसारित हो रहा है।

शेमारू टीवी पर ‘कर्म फल दाता शनि’ प्रसारित हो रहा है। इसी पर तुलसी धाम के लड्डू गोपाल भी प्रसारित हो रहा है। वहीं डिज्नी प्लस हाटस्टार ‘द लीजेंड आफ हनुमान’ के दो संस्करणों की सफलता के बाद अब तीसरा संस्करण भी लेकर आ रहा है। इसके अलावा महाभारत पर एक भव्य श्रंखला की भी घोषणा हो चुकी है।

जहां 2024 में अयोध्या में जय श्रीराम के नारे गूंज रहे हैं। वहीं बालीवुड में भी पौराणिक फिल्मों का निर्माण जोर शोर से चल रहा है। जिसमें एसएसएमबी 29 फिल्म का निर्देशन एसएस राजामौली करने जा रहे हैं। फिल्म का बजट 800 करोड़ है। राजामोली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में महेश बाबू बजरंगबली से प्रेरित किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की नायिका दीपिका पादुकोण हैं और यह फिल्म अच्छे भागों में बनेगी।

निर्देशक नितेश तिवारी रामायण ट्रिलोजी लेकर आ रहे हैं जिसका बजट 700 से 800 करोड़ के बीच में है। नितेश तिवारी की रामायण थ्रीडी होगी जो तीन भागों में बनेगी। इस फिल्म में जहां रणबीर कपूर राम के किरदार में नजर आएंगे वहीं दक्षिण के अभिनेता यश रावण के किरदार में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा भक्त कन्नाप्पा पौराणिक फिल्म में प्रभास महादेव के किरदार में नजर आएंगे। यह फिल्म पूरे भारत में प्रदर्शित होगी।

विवेक अग्निहोत्री भी नई फिल्म ला रहे हैं। ये फिल्म एसएल भैरप्पा की किताब ‘पर्व’ पर आधारित होगी। निर्देशक आदित्य धरण अल्लू अर्जुन अभिनीत अश्वत्थामा का निर्माण कर रहे हैं जिसका बजट 500 करोड़ है। निर्देशक मधु मंटेना फिल्म द्रोपदी बना रहे हैं, उसकी नायिका दीपिका पादुकोण है।अपराजित अयोध्या राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद पर आधारित फिल्म में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

‘ब्रह्मास्त्र’ का अगला भाग भी 2024 में प्रदर्शित होगा। निर्देशक शशांक खेतान, वरुण धवन, सारा अली खान के साथ ‘रणभूमि’ फिल्म बना रहे हैं जो पौराणिक कथा पर आधारित है। इसके अलावा हजार करोड़ के बजट में बन रही फिल्म महाभारत में रजनीकांत, प्रभास, आमिर खान, दीपिका पादुकोण, रितिक रोशन अभिनय करते नजर आएंगे।

वासु भगनानी के पूजा एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन में शुरू हो रही फिल्म महाभारत पर आधारित है। फिल्म में शाहिद कपूर कर्ण के किरदार में नजर आएंगे। इसकी शूटिंग 2024 में शुरू हो जाएगी और यह फिल्म हिंदी के साथ तमिल तेलुगू मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी प्रदर्शित होगी। इसके अलावा हिरण्यकश्यप पर भी फिल्म का निर्माण होने जा रहा है।

आरती सक्सेना