अभिनेत्री सोनम कपूर इन दिनों शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनम कपूर 7 मई को बॉयफ्रेंड आनंद आहूजा के साथ शादी के बंधन में बंध सकती हैं। कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि कोरियोग्राफर फराह खान सोनम कपूर के संगीत और शादी में कोरियोग्राफी कर रही हैं। वहीं, इसी दौरान खबर है कि सोनम कपूर ने कुछ समय पहले ही इशारा दे दिया था कि वह किस फैशन डिजाइनर का लहंगा शादी में पहनेंगी।

टीओआई ने एक रिपोर्ट् में बताया, सोनम की शादी की ड्रेस डिजाइन करने वाली फैशन डिजाइनर अनामिका हो सकती हैं, क्योंकि कुछ समय पहले सोनम कपूर एक मैगजीन के कवर फोटो में दुल्हन के अवतार में नजर आई थीं। फोटोशूट में पहना गया लहंगा अनामिका द्वारा डिजाइन किया गया था। अनामिका ने फोटो को शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर कैप्शन लिखा, ”सोनम कपूर ने कहा है कि वह अनामिका खन्ना के साथ जाएंगी।” यह मैगजीन के कवर पर लिखी एक लाइन भी है। अनामिका खन्ना सोनम कपूर के कई आउटफिट्स डिजाइन कर चुकी हैं, यहां तक कि सोनम इंटरनेशनल अवॉर्ड्स में क्या पहनेंगी, इसकी जिम्मेदारी भी अनामिका की ही होती है।

कुछ समय पहले फिल्मफेयर ने एक रिपोर्ट में सोनम की शादी में शामिल होने वाले बॉलीवुड सेलेब्स की लिस्ट बताई थी। रिपोर्ट के अनुसार, सोनम कपूर की शादी में हिंदी फिल्म जगत से जुड़े सोनम कपूर के कजिन अर्जुन कपूर, खुशी-अशुंला, उनकी बेस्ट फ्रेंड जैकलीन फर्नांडीस, ‘वीरे दी वेडिंग’ के को-स्टार्स स्वरा भास्कर और करीना कपूर शादी में शामिल हो सकती हैं। सोनम की शादी का न्योता रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और सलमान खान को भी दिया गया है। आलिया भट्ट, करिश्मा कपूर, सैफ अली खान और करण जौहर भी शादी में शामिल हो सकते हैं।