सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी काफी चर्चा में रही थी। दोनों ने 23 जून, 2024 को परिवार और खास दोस्तों के बीच रजिस्टर्ड मैरिज की थी और इसके बाद एक ग्रैंड रिसेप्शन दिया था। ये एक अंतर धार्मिक शादी थी तो इसे लेकर तरह-तरह की बातें भी हुई। सोनाक्षी के भाई लव सिन्हा उनके शादी में शामिल नहीं हुए थे और इसके पीछे का कारण उनका इस शादी से नाखुश होना बताया जाता है। इतना ही नहीं एक्ट्रेस के पिता शत्रुघन सिन्हा को लेकर भी कहा गया था कि वो इस शादी से खुश नहीं है, जिस पर उन्होंने खुद आगे आकर बताया था कि ये उनकी बेटी की जिंदगी के लिए सबसे बड़ा दिन है और वो उनकी शादी में जरूर शामिल होंगे।

शादी के दिन सोनाक्षी के माता-पिता उनके साथ ही नजर आए। अब सोनाक्षी सिन्हा ने जूम को दिए इंटरव्यू में बताया है कि जब उन्होंने पहली बार अपने पिता को जहीर के साथ अपनी शादी के प्लान को लेकर बात की थी तो उनका रिएक्शन कैसा था। सोनाक्षी ने कहा, “सभी दोस्तों और परिवार को सालों से इस रिश्ते के बारे में पता था।”

बेटी की शादी का फैसला सुन खुश थे शत्रुघन सिन्हा

सोनाक्षी ने कहा, “मेरे डैड बहुत खुश थे। उन्होंने कहा, ‘जब मियां बीवी राजी तो क्या करेगा काजी।’ वो कई बार जहीर से मिले थे और वो उन्हें बहुत पसंद था। दोनों के जन्मदिन लगभग एक साथ ही आते हैं। मेरे डैड का बर्थडे 9 दिसंबर को है और जहीर का 10 दिसंबर को, तो वो बहुत ज्यादा एक से है।”

सोनाक्षी की बात के बीच जहीर ने कहा, “मैं उनसे और उनकी समझदारी से काफी हैरान हूं। जब वह बोलते है तो जो ज्ञान उनके पास है, बस उनके साथ एक या दो घंटे बैठने से आपको ऐसा महसूस होता है जैसे आप किसी यूनिवर्सिटी में हैं।”

मां का रिएक्शन था ऐसा

सोनाक्षी ने बताया कि उनकी मां भी पहले से जहीर को जानती थीं और उन्हें पूरा भरोसा था कि उनकी मां इस रिश्ते को समझेंगी। सोनाक्षी ने कहा, “उन्होंने खुद लव मैरिज की है तो उन्हें सब पता है।”