Sonakshi Sinha First Karwa Chauth VIDEO: बीते दिन देशभर में करवा चौथ का त्योहार मनाया गया। इस दिन शादीशुदा महिलाएं निर्जला व्रत करके पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। ऐसे में करवा चौथ की जबरदस्त धूम बॉलीवुड में भी देखने के लिए मिली। इस साल कई ऐसे सेलेब्स रहे हैं, जिन्होंने शादी के बाद पहली बार करवा चौथ मनाया। इसमें रकुल प्रीत सिंह, कृति खरबंदा और सोनाक्षी सिन्हा जैसी एक्ट्रेस के नाम शामिल हैं। ऐसे में सोनाक्षी के लिए उनका पहला करवा चौथ का व्रत काफी खास रहा था। उनके लिए पति जहीर इकबाल ने भी व्रत किया था। इस बात की जानकारी उनके लेटेस्ट वीडियो ने दी है।
दरअसल, करवा चौथ के मौके पर चांद निकलने से पहले सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर पति जहीर इकबाल के साथ अपना एक वीडियो शेयर किया। इसमें दोनों साथ में मस्ती करते हुए दिखाई दिए। एक्ट्रेस को इस दौरान पिंक सूट में हाथों में मेहंदी रचाए हुए देखा गया। उनका वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में सोनाक्षी अपने पति को परेशान करते हुए नजर आती हैं। इस वीडियो शेयर करने के साथ ही एक्ट्रेस ने कैप्शन लिखा, ‘पति ऐसा ढूंढो, जो आपको अकेले भूखे ना रहने दे। जो भी उनका कारण हो। हैप्पी करवा चौथ… हमारा पहला।’
इतना ही नहीं, वीडियो में सोनाक्षी सिन्हा, जहीर सवाल करती हैं कि उन्होंने ये व्रत क्यों किया है? इस पर जहीर इकबाल ने जवाब दिया, ‘अगर मैंने तु्म्हारे सामने कुछ खा लिया तो तुम मुझे मार डालोगी।’ हालांकि, वो इस बात को मजाकिया अंदाज में कहते हैं। इसके बाद एक्ट्रेस उन पर टूट पड़ती हैं और मारने लगती हैं। उनका ये वीडियो वायरल हो रहा है। इस पर लोग जमकर कमेंट्स कर रहे हैं। फैंस उनकी जोड़ी पर खूब प्यार लुटा रहे हैं।
4 महीने पहले की थी शादी
आपको बता दें कि सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने चार महीने पहले 23 जून, 2024 को रजिस्टर्ड मैरिज की थी। इसके बाद कपल ने मुंबई में एक वेडिंग रिसेप्शन भी रखा था, जिसमें बॉलीवुड के तमाम सितारों ने भी शिरकत की थी। कपल की शादी काफी चर्चा में रही थी। ट्रोल्स ने सोनाक्षी को दूसरे धर्म में शादी करने को लेकर जमकर ट्रोल भी किया था। वहीं, खबरें रही थीं कि परिवार इस रिश्ते से नाखुश है। ऐसे में अंत में सभी ने एक्ट्रेस को आशीर्वाद दिया था, जिसके बाद सारे कयासों पर विराम लग गया था।
बहरहाल, अगर सोनाक्षी सिन्हा के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो हाल ही में हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘काकुड़ा’ में नजर आई थीं। इसका प्रीमियर 12 जुलाई, 2024 को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 से किया गया था। इसके अलावा एक्ट्रेस को संजय लीला भंसाली की पॉपुलर वेब सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ में देखा गया था। इसमें उनकी एक्टिंग को खूब सराहा गया था।
