बीते दिनों ही मध्य प्रदेश के उज्जैन से खबर सामने आई कि एक 16 साल के छात्र ने खुदकशी कर ली। लड़के ने मां के दुपट्टे से फांसी का फंदा लगाकर मौत को गले से लगा लिया। उस छात्र का नाम प्रियांशु था। उसके आत्महत्या करने की वजह को लेकर कहा जा रहा है कि उसने ट्रोल होने की वजह से इतना बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, वो रियल लाइफ में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर था और उसे लड़कियों की तरह मेकअप करना और साड़ी पहनकर रील शेयर करना पसंद था। प्रियांशु की मौत पर बॉलीवुड एक्ट्रेस सोमी अली (Somy Ali) ने दुख व्यक्त किया है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस सोमी अली को प्रियांशु के सुसाइड के गहरा झटका लगा है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर प्रियांशु के निधन की खबर को शेयर कर दुख व्यक्त किया है। एक्ट्रेस ने पोस्ट में लिखा, ‘मैं विश्वास नहीं कर सकती। खुद को वैसा ना बनने देने के कारण खुद को मार दिया। वो जो था उसे वो बनने देने की परमिशन नहीं दी गई।’ इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रियांशु अक्सर इंस्टाग्राम पर लड़की बनकर रील शेयर करता था। लेकिन, जब उसने इन पर नेगेटिव कमेंट देखे तो मौत को गले लगा लिया।
मां के साथ रहता था प्रियांशु
प्रियांशु की उम्र 16 साल थी। वो उज्जैन में मां के साथ रहता था। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के माता-पिता का 3 साल पहले ही तलाक हुआ था और वो अपनी मां के साथ रहता था। उसकी मां पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। वो हर रोज की तरह ही उस दिन भी अपने काम पर गई हुई थीं। बेटा घर में अकेला था। जब मां शाम को घर लौटीं तो उन्होंने बेटे को फांसी के फंदे से लटका देखा। इसके बाद जब उन्होंने शोर मचाया तो आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।