बॉलीवुड सिंगर यो यो हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने उनपर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। ऐसे में शालिनी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में उन्होंने सिंगर हनी सिंह पर ‘द प्रोटेक्शन ऑफ वुमन फ्रॉम डोमेस्टिक वायलेंस एक्ट’ के तहत याचिका दाखिल की है।

इसके बाद कोर्ट ने हनी सिंह के खिलाफ एक नोटिस जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि हनी सिंह को 28 अगस्त से पहले पहले जवाब देना होगा। इसके अलावा हनी सिंह और शालिनी तलवार की ज्वॉइंट प्रॉपर्टी को लेकर किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर रोक लगा दी गई है।

हनी सिंह की पत्नी ने उनपर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें शारीरिक हिंसा का शिकार होना पड़ा। शालिनी तलवार के मुताबिक उनके साथ यौन हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और आर्थिक हिंसा भी हुई। इस मामले में शालिनी ने हनी समेत उनके परिवार को भी शामिल किया है। शालिनी ने सिंगर के माता-पिता और बहन पर भी आरोप लगाया है।

बता दें कि साल 2011 में हनी स‍िंह और शाल‍िनी तलवार की शादी द‍िल्‍ली के एक गुरुद्वारा में हुई थी। हनी सिंह की शादी की बात उनके फैंस को काफी देर बात पता चली थी। साल 2014 में हनी स‍िंह ने पत्‍नी को तब मुखातिब कराया था जब वह एक र‍िएलिटी शो में लोगों से गए थे। रिएलिटी शो इंडियाज़ रॉस्टार शो में हनी सिंह ने अपनी पत्नी को पहली बार इंट्रोड्यूस करवाया था, उस वक्त फैंस हैरान रह गए थे।

बता दें, हनी सिंह के गाने बच्चा बच्चा गाता है। हनी सिंह का असली नाम है-हिरदेश सिंह। हनी सिंह को उनके अमेरिकी दोस्तों ने पहली बार ‘Yo Yo’ कह कर बुलाया था, जिसका मतलब ‘आपका अपना’ है। इसके बाद हनी सिंह ने अपने नाम के आगे ‘यो यो’ जोड़ लिया। उनके पूरे नाम का मतलब है आपका अपना हनी सिंह।