एक्टर सिकंदर खेर 31 अक्टूबर को अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके फैंस, दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। मां किरण खेर ने भी इंस्टाग्राम पर उनके साथ तस्वीर शेयर करते हुए ढेर सारा प्यार लुटाया है। वहीं पिता अनुपम खेर ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के साथ-साथ बड़ी सलाह दे डाली है।

अनुपम खेर ने दी शादी करने की सलाह

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर पिता और बेटे की खूबसूरत तस्वीर शेयर की है। जिसमें दोनों सूट बूट में एक दम हैंडसम दिख रहे हैं। अनुपम सोफा पर बैठे हैं और सिकंदर किनारे खड़े हैं। इस तस्वीर के साथ अनुपम खेर ने कैप्शन में लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो प्रिय सिकंदर। तुम एक बेहतरीन आदमी बन गए हो। आत्मविश्वासी, संवेदनशील, ज्यादातर समय जिम्मेदार, निश्चित रूप से अधिक मजाकिया और जब चाहें तब प्यार करने वाला! और एक शानदार अभिनेता!”

“तुम्हारे लिए मेरी ये ही दुआ है कि भगवान तुम्हें दुनिया की सारी खुशियां दे। भगवान करे तुम लंबी, सेहतमंद और सुकून भरी जिंदगी जियो। तुम भले ही रोज नहीं लेकिन हर दूसरे दिन शेव कर सको। इन सबके अलावा तुम्हारी मां की इच्छा है – शादी कर लो!प्यार और प्रार्थना हमेशा!” इसके साथ ही अनुपम ने दिल वाला इमोजी भी शेयर किया है।

मां किरण ने भी दिया आशीर्वाद

किरण खेर ने भी सोशल मीडिया पर सिकंदर के साथ उनके बचपन की तस्वीर शेयर की है। कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “प्रिय डार्लिंग सिकंदर खेर। इस खास दिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ईश्वर आपको दीर्घायु, सुखी एवं स्वस्थ जीवन प्रदान करें। ढेर सारा प्यार, मां।” इसके साथ किरण ने एक दिल भी बनाया है।

सिकंदर खेर अपने माता-पिता के साथ खूबसूरत बॉन्ड शेयर करते हैं। वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और अपने माता-पिता के साथ मजेदार व्लॉग भी शेयर करते हैं। अनुपम खेर के साथ उनकी मजाक मस्ती उनके फैंस को काफी पसंद आती है। इसके साथ ही सिकंदर अपनी दादी यानी अनुपम खेर की मां दुलारी के साथ भी क्यूट वीडियोज शेयर करते रहते हैं।

आपको बता दें कि सिकंदर, अनुपम खेर के सगे बेटे नहीं हैं। अनुपम खेर ने साल 1985 में किरण खेर से शादी की थी और सिकंदर, किरण की पहली शादी से हुई संतान हैं। लेकिन किरण से शादी करने के साथ ही अनुपम खेर ने सिकंदर को अपने बेटे के रूप में अपना लिया था। दोनों का रिश्ता सगे बाप-बेटे के रिश्ते से भी बढ़कर है।

सिकंदर के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार नेटफ्लिक्स (Netflix) की ‘मोनिका ओह माई डार्लिंग’ में देखा गया था। इसके बाद वह सुष्मिता सेन स्टारर ‘आर्या 3’ में नजर आने वाले हैं। ये वेब सीरीज 3 नवंबर से डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने वाली है।