Sidharth Malhotra And Parineeti Chopra: सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा स्टारर फिल्म ‘जबरिया जोड़ी’ ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में देखा जा सकता है वह दहेज की मांग पर शादी करने वालों का किडनैप कर जबरदस्ती शादी करवाते नजर आ रहे हैं। बिहार में तीन तरह से जोड़ियां बनती हैं। हिम्मत वालों की अरेंज मैरेज, किस्मत वालों की लव जोड़ी और दहेज के लालचियों की जबरिया जोड़ी। इन्ही शब्दों से फिल्म का ट्रेलर शुरू होता है। ट्रेलर के दूसरे हिस्से में वह चिलम फूंकते हुए एक शख्स को रेल की पटरी पर उसके सिर को दबाए हुए आखिरी लाइन बोलते हैं। शख्स कहता है कि भैया मर जाएंगे लेकिन नहीं करेंगे। ट्रेलर में अभय सिंह बंदूक की नोक पर दहेज के लोभी दुल्हों को अगवा कर उनकी शादी जबरिया करवाते हैं। एक जगह अभय सिंह (सिद्धार्थ मल्होत्रा) कहता है कि हम शादी और श्राद्ध दोनों कराते हैं।

ट्रेलर देख फिल्म में ट्वीस्ट की कल्पना इस बात से कर सकते हैं अभय सिंह को दिल दे बैठी बबली यानी परिणीति चोपड़ा जब कहती है कि हम अब इस अभय सिंह को उठाएंगे और इसके साथ जबरिया शादी करेंगे। अभय सिंह अपनी जिद पर अड़ा रहता है कि वह ये शादी होने नहीं देगा। अभय सिंह जो खुद दूल्हों को अगवा कर शादी करवाता है, बबली उसे अगवा कर उससे शादी करने का प्लान बनाती है और इसी के इर्द-गिर्द फिल्म की कहानी चलती है।

मालूम हो कि फिल्म जबरिया जोड़ी बिहार के चर्चित पकड़वा विवाह पर बेस्ड है। पकड़वा विवाह के बारे में बता दें कि बिहार कुछ इलाकों में लड़की वाले लड़कों को अगवा कर उनकी जबरदस्ती शादी करा देते थे। लड़के और उनके परिवारवालों पर इस शादी को ‘मान्‍यता देने’ का दबाव बनाया जाता था। ऐसी शादियों से दोनों परिवार काफी प्रभावित होते थे। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा के अलावा संजय शुक्ला, अपारशक्ति खुराना, जावेद जाफरी और नीरज सूद ने अहम रोल किया है। साल 2014 में आई फिल्म हंसी तो फंसी के बाद  सिद्धार्थ और परिणीति की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है।

एकता कपूर के बाला जी के बैनर तले बनी यह फिल्म 2 अगस्त को सिनेमाघरो में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन प्रशांत सिंह ने किया है।फिल्म के रिलीज के दिन ही सोनाक्षी सिन्हा, बादशाह और वरुण शर्मा की फिल्म खानदानी शफाखाना (Khandaani Shafakhana Movie) भी रिलीज हो रही है।