फिल्म शेरशाह (Shershah) से मशहूर हुई सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की जोड़ी हकीकत में सात जन्मों के बंधन में बंधने वाली है। जी हां!दोनों नए साल पर शादी करने वाले हैं। एक्टर्स की शादी की तारीख और जगह दोनों तय हो चुकी हैं। फैंस को इनकी शादी का बेसब्री से इंतजार था जो अब खत्म होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ और कियारा फरवरी में शादी करने वाले हैं।
शादी की तारीख और वेन्यू
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा 6 फरवरी 2023 को जैसलमेर पैलेस होटल में शादी करने वाले हैं। इस शादी में परिवार के साथ-साथ बॉलीवुड के कई सितारों के शामिल होने की संभावना है। ये एक ग्रैंड वेडिंग होने वाली है, जिसे कड़ी सुरक्षा में किया जाएगा। फिलहाल इनके शादी के जोड़े को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों की मानें तो इनकी शादी के फंक्शन 4 फरवरी से शुरू हो जाएंगे। उनकी हल्दी, मेहंदी से लेकर संगीत 5 फरवरी को संपन्न होंगे और 6 फरवरी को दोनों सात फेरे लेंगे। हालांकि कियारा और सिद्धार्थ या दोनों के परिवार की ओर से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
आपको बता दें कि शादी की चर्चा के बीच कुछ दिनों पहले ही दोनों के ब्रेकअप की खबर सामने आई थी। लेकिन नए साल के मौके पर दोनों को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। दोनों एक साथ भले ही नहीं थे, लेकिन फिर भी कयास लगाए जा रहे थे कि ये जोड़ी अब भी साथ है और नए साल के मौके पर वैकेशन के लिए जा रही है। इसके बाद अब दोनों की शादी की खबर सुनकर इनके फैंस काफी खुश हैं।
इन फिल्मों में दिखेंगे एक्टर्स
दोनों के वर्क फ्रंट की बात करें तो सिद्धार्थ मल्होत्रा अपनी आने वाली स्पाई-थ्रिलर फिल्मम ‘मिशन मजनू’ (Mission Majnu) के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandana) हैं। ये फिल्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर रिलीज होगी। इसके अलावा सिद्धार्थ फिल्म ‘योद्धा’ में भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ दिशा पटानी और राशि खन्ना हैं। इसके अलावा वह रोहित शेट्टी की वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में भी दिखने वाले हैं। वहीं कियारा आडवाणी फिल्म ‘सत्यप्रेम की कहानी’ और ‘RC15’ में नजर आने वाली हैं।