शिवांगी जोशी (Shivangi Joshi) के फैंस बेसब्री से अपनी पसंदीदा एक्ट्रेस की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नायरा के रोल से वो घर-घर में पसंद की जाने वाली अभिनेत्री बन गई थीं। शो में जब लीप आया और शिवांगी-मोहसिन ने शो से अलविदा कह दिया तो फैंस का दिल टूट गया। उसके बाद एक्ट्रेस बालिका वधू में नजर आईं मगर वो शो ज्यादा दिन नहीं चला। तब से फैंस इंतजार कर रहे हैं कि शिवांगी कब छोटे पर्दे पर वापसी करेंगी। अब उनके फैंस के लिए दिलचस्प न्यूज है क्योंकि एक्ट्रेस अब एकता कपूर के शो से छोटे पर्दे पर वापसी करने वाली हैं। यह एक परियों की कहानी होगी जो ब्यूटी एंड द बीस्ट की तर्ज पर बना शो होगा। शो में शिवांगी डबल रोल में नजर आएंगी।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक सूत्र के जरिए से बताया है- “शिवांगी एक महत्वपूर्ण किरदार निभाएंगी। वह शुरुआती एपिसोड में नजर आएंगी और उनका किरदार कहानी का मार्ग प्रशस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वह राजपरी का डबल रोल निभाएंगी। एक हफ्ते में शूटिंग शुरू हो जाएगी। शुरुआती एपिसोड की शूटिंग की योजना बड़े पैमाने पर बनाई जा रही है और इसे सात दिनों में शूट किया जाएगा। कहानी को स्थापित करने के लिए पहला एपिसोड एक घंटे के लिए प्रसारित किया जाएगा।”
शिवांगी जोशी ने फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी के 12वें सीजन में भाग लिया था। वहीं फिक्शन की बात करें तो वो आखिरी बार बालिका वधू 2 में आनंदी के रोल में नजर आई थीं। शो के बाद खबर आई कि शिवांगी शो के को-एक्टर रणदीप राय को डेट कर रही हैं, हालांकि दोनों ने इस खबर का खंडन किया था।
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में शिवांगी जोशी और मोहसिन खान की जोड़ी खूब पसंद की गई थी, कार्तिक और नायरा के रोल ने फैंस के दिल में खास जगह बनाई थी। ये रिश्ता क्या कहलाता है अभी भी चल रहा है शो में नायरा और कार्तिक की बेटी अक्षरा का रोल प्रणाली राठौड़ निभा रही हैं, वहीं हर्षद चोपड़ा शो में उनके पति के रोल में हैं।