Happy Birthday Shehnaaz Gill: एक्ट्रेस शहनाज गिल अब केवल पंजाबी ही नहीं हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का भी बड़ा नाम बन चुकी हैं। 27 जनवरी को शहनाज का जन्मदिन है और वह 31 साल की हो चुकी हैं। शहनाज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उनकी पर्सनल लाइफ से लेकर प्रोफेशनल लाइफ एक खुली किताब की तरह है। ‘बिग बॉस’ के 13वें सीजन में शहनाज ने इतनी सुर्खियां बटोरी कि वह पूरे देश की प्यारी हो गईं। लेकिन उनके खुद के जीवन में बहुत से उतार-चढ़ाव आए।
सिद्धार्थ शुक्ला से हुआ प्यार और टूट गईं शहनाज
‘बिग बॉस 13’ अब तक का सबसे मशहूर सीजन है और इसका कारण कोई और नहीं शहनाज गिल और सिद्धार्थ शुक्ला रहे हैं। सिद्धार्थ अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन आज भी लोग शहनाज का नाम उनके साथ जोड़कर ही याद करते हैं। बिग बॉस के शो में दोनों पहली बार मिले थे और वहीं उनकी दोस्ती हुई। शहनाज के साथ सिद्धार्थ का एक अलग रूप देखने को मिला था। वह एक रफ एंड टफ मैन लगते थे, लेकिन शहनाज के साथ उनके अंदर का बच्चा ही नजर आता था। सबने दोनों को एक साथ खूब प्यार दिया था। शो के विनर सिद्धार्थ बने थे, लेकिन लोगों का दिल शहनाज ने जीता।
शो के अंदर शहनाज खुलकर कहती थीं कि वह सिद्धार्थ को बहुत पसंद करती हैं। होस्ट सलमान खान ने सिद्धार्थ को इस बात के लिए चेताया था कि शहनाज उनके लिए पजेसिव हो रही हैं, लेकिन सिद्धार्थ ने अपनी दोस्ती पर इसका असर नहीं आने दिया। शो खत्म हुआ और दोनों की लव स्टोरी की खबरें शुरू हुईं। कहा जाता था कि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे। हालांकि इनका रिश्ता ज्यादा चल नहीं पाया और सिद्धार्थ, शहनाज से हमेशा के लिए दूर हो गए। 2 सितंबर 2021 को सिद्धार्थ की मौत हो गई।
सिद्धार्थ की मौत से शहनाज पूरी तरह टूट गई थीं और उन्होंने करीब डेढ़ महीने तक खुद को घर में कैद कर रखा था। दोनों की लव स्टोरी अधूरी रहने का फैंस को बहुत दुख है। सिद्धार्थ का नाम पहले भी कई एक्ट्रेसेस से जुड़ा था, लेकिन शहनाज को उनके लिए परफेक्ट बताया जाता था। ऐसा नहीं है कि सिद्धार्थ, शहनाज की लाइफ के पहले लड़के थे, उन्होंने भी अपनी लाइफ में धोखे खाए थे।
लिव-इन में रहने के बाद मिला था धोखा
शहनाज हमेशा अपनी लाइफ को लेकर खुलकर बात करती आई हैं। उन्होंने ‘बिग बॉस’ में रश्मि देसाई, देवोलीना भट्टाचार्जी और शेफाली बग्गा को अपनी लव लाइफ के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि वह चंडीगढ़ के एक लड़के के साथ रिलेशनशिप में थीं और दोनों करीब दो साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे। लेकिन वो लड़का ड्रग्स लेने लगा था और इससे उनका रिश्ता खराब होता चला गया। शहनाज ने बताया था कि उन्होंने उसे सुधारने की बहुत कोशिश की लेकिन वो नहीं सुधरा। शहनाज ने ये भी कहा था कि अब बाद में उस लड़के ने शादी कर ली थी, जिससे वो बुरी तरह टूट गई थीं।
फिलहाल शहनाज गिल सिंगल हैं और अपने करियर पर फोकस कर रही हैं। वह सलमान खान के साथ ‘किसी का भाई किसी की जान’ में नजर आ चुकी हैं और इसके अलावा वह म्यूजिक एल्बम करने में व्यस्त रहती हैं।