‘कांटा लगा गर्ल’ और Bigg Boss 13 फेम शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया है। 27 जून की देर रात उनके निधन की खबर आई जिससे हर कोई हैरान है। बताया गया कि उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग उन्हें मुंबई के Bellevue Multispeciality Hospital ले गए थे, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके निधन के बाद पराग को अस्पताल से बाहर निकलते देखा गया, इस दौरान वो खुद को संभालते दिखे। शेफाली और पराग का साथ खत्म हो चुका है और इस बात से उनके फैंस काफी दुखी हैं। दोनों की लव स्टोरी बहुत खास थी, दोनों ने एक दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।
Shefali Jariwala Death News LIVE
शेफाली के लिए पराग किसी ब्लेसिंग से कम नहीं थे, जब उनका प्यार और रिश्तों से विश्वास उठ गया था तब पराग उनकी लाइफ में आए थे। जी हां! पराग से शेफाली ने दूसरी शादी की थी। उनकी पहली शादी Meet Brothers की जोड़ी के हरमीत सिंह से हुई थी। जब शेफाली ‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुई थीं, उसी के कुछ समय बाद उनकी लाइफ में हरमीत की एंट्री हुई थी, कुछ समय तक एक दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने साल 2004 में एक दूसरे से शादी कर ली थी। मगर उनकी शादी ज्याद लंबी नहीं चल पाई और 2009 में उन्होंने तलाक ले लिय़ा। इस रिश्ते के खत्म होने के बाद शेफाली भी टूट गई थीं और उन्हें नहीं लगा था कि वो दोबारा किसी से प्यार कर पाएंगी।
ऐसे हुआ था पराग से प्यार
फिर एक बार अपने किसी दोस्त की पार्टी में उनकी मुलाकात पराग से हुई। पराग जो उस वक्त टीवी इंडस्ट्री में बड़ा नाम बन चुके थे। वो ‘पवित्र रिश्ता’ में काम कर रहे थे और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। पहले तो शेफाली ने खुद को पराग के प्यार में पड़ने से रोका, लेकिन पराग की केयर और अच्छे स्वभाव ने उनका दिल जीत लिया। पराग हर मुश्किल समय में शेफाली के साथ खड़े रहे और दोनों को प्यार हो गया।
शेफाली के ग्लैमर और खूबसूरती का हर कोई फैन था, लेकिन पराग को उनका दिल पसंद आया। एक बार इंटरव्यू में पराग ने बताया था कैसे उन्हें शेफाली से प्यार हुआ था। उन्होंने कहा था, “शेफाली बहुत प्यारी है। जब उसका म्यूजिक वीडियो आया था, तो लोगों के मन में उसकी दूसरी छवि थी, लेकिन वो अपनी स्क्रीन इमेज से बिल्कुल अलग थी। वो एक ऐसी लड़की है जिसे कोई भी लड़का अपनी पत्नी के रूप में पाना चाहेगा। वो बहुत ख्याल रखने वाली है, और यो दिखता भी है। किसी इंसान को जज करने के लिए, आपको उसके घर में क्या हो रहा है, ये देखना होगा। वो अपने माता-पिता से प्यार करती है और एक बेटे की तरह उनकी देखभाल करती है। वो मेरे माता-पिता की भी देखभाल करती है।”बता दें कि पराग त्यागी और शेफाली जरीवाला ने 12 अगस्त, 2014 में एक दूसरे से शादी की थी।