शत्रुघ्न सिन्हा एक वक्त हिंदी सिनेमा जगत में अमिताभ बच्चन के सबसे बड़े प्रतिद्वंदी माने जाते थे। कहा यह भी जाता था कि उनके बढ़ते स्टारडम से इंडस्ट्री के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना भी परेशान हो गए थे। उन्हीं दिनों शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर एक बात मशहूर थी कि उनके पास सभी स्टार्स से बड़ा आईना होता था। माना जाता था कि बड़ा आईना बड़े स्टारडम का प्रतीक है। शत्रुघ्न सिन्हा के मेकअप रूम में उस वक्त के सभी स्टार्स से बड़ा आईना रखा जाता था। इस किस्से का जिक्र मशहूर अभिनेत्री परवीन बॉबी ने किया था।

अभिनेता शेखर सुमन को दिए एक इंटरव्यू में परवीन बॉबी ने कहा था कि वो हमेशा से अपने पास एक छोटा मिरर रखती हैं। उन्होंने कहा था कि इंडस्ट्री में सबसे बड़ा आईना शत्रुघ्न सिन्हा के पास हुआ करता था। परवीन बॉबी ने बताया था, ‘फिल्म इंडस्ट्री में कहा जाता है कि जो जितना बड़ा स्टार है उतना ही बड़ा उसका आईना होना चाहिए। शत्रुघ्न सिन्हा जो स्टार हैं, उनके स्टारडम से बड़ा उनका आईना होता था।’

परवीन बॉबी ने आगे बताया था, ‘वो बहुत बड़ा आईना इस्तेमाल करते थे। हम सब उनके बड़े आईने को देखकर हंसी उड़ाते थे। मुझे शत्रुघ्न सिन्हा का मिरर अब भी याद है, काफी बड़ा था। वो बड़ा आईना हमेशा साथ लेकर चलते थे।’

 

कहा जाता है कि शत्रुघ्न सिन्हा की बढ़ती लोकप्रियता से राजेश खन्ना खुद को इनसिक्योर महसूस करने लगे थे। शत्रुघ्न सिन्हा बिहार से ताल्लुक रखते थे तो पूर्वोत्तर के अखबारों की उनकी खूब खबरें छपती थीं। इस बात से राजेश खन्ना असहज हो गए थे और उन्होंने भी उस इलाके में छपने वाले अखबारों और मैगजीन में अपनी पब्लिसिटी शुरू कर दी थी।

 

वहीं शत्रुघ्न सिन्हा और अमिताभ बच्चन के बीच कंपटीशन को लेकर ही तल्खी बढ़ गई थी जिसके बाद दोनों ने एक- दूसरे से बातचीत बंद कर दी थी। पर्दे पर भले ही दोनों साथ दिखते थे लेकिन ऑफ स्क्रीन दोनों के बीच दुश्मनी चल रही थी। हालांकि बाद के वर्षों में अमिताभ बच्चन की तरह शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने फिल्मी करियर को ज्यादा तवज्जो नहीं दी और वो राजनीति में आ गए।