बॉलीवुड के याहू…ब्वॉय के नाम से मशहूर शम्मी कपूर हिंदी सिनेमा के ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने बॉलीवुड में अभिनय का अंदाज बदल दिया था। शम्मी कपूर ने अपने फिल्मी करियर में तकरीबन 200 फिल्मों में काम किया था। शम्मी कपूर एक्टिंग के साथ-साथ अपने अलग डांस स्टाइल के लिए भी जाने जाते थे। कई लोग उन्हें ऐसा पहला एक्टर मानते हैं जिन्होंने फिल्मों में ब्रेक डांस को अलग ही अंदाज में पेश किया था। शम्मी फिल्म इंडस्ट्री के ऐसे डांसर थे जिन्हें डांस डायरेक्टर की जरूरत नहीं पड़ती थी। वह खुद ही गाने के बीट पकड़कर डांस करते थे। चलिए आज हम आपको शम्मी कपूर और उनके डांस से जुड़ा एक रोचक किस्सा बताते हैं। जब डांस की वजह से उन्हें फिल्म से निकाल दिया था।

यह वाकया साल 1960 में रिलीज हुई प्रॉड्यूसर बी.एल.रावल की फिल्म कॉलेज गर्ल से जुड़ा है। इस फिल्म में लीड हीरो शम्मी कपूर और एक्ट्रेस वैजयंतीमाला नजर आई थीं। इस फिल्म को टी. प्रकाश रॉव ने डायरेक्ट किया था। बी एल रावल ने शम्मी कपूर को अपनी दो फिल्मों कॉलेज गर्ल और ससुराल के लिए साइन कर लिया था लेकिन बाद में दूसरी फिल्म यानी ससुराल में उन्हें हटा दिया गया।

हुआ कुछ यूं था कि फिल्म कॉलेज गर्ल की शूटिंग पहले शुरू हो गई थी। जब कमालिस्तान स्टूडियो में फिल्म के एक गाने की शूटिंग चल रही थी। इस गाने में शम्मी कपूर ने खुद बीट पकड़कर डांस कर दिया लेकिन यह डायरेक्टर टी प्रकाश रॉव को पसंद नहीं आया। रॉव ने उन्हें कुछ बदलाव करने के लिए कहा। इस पर शम्मी कपूर ने साफ इनकार कर दिया। क्योंकि उनके हिसाब से यही ठीक था।

शम्मी कपूर के बात न मानने को टी प्रकाश रॉव ने एक डायरेक्टर की बेइज्जती समझा। इस वजह से दोनों के बीच कहासुनी भी हुई और मतभेद हो गए। हालांकि दोनों ने बाद में अपना-अपना काम किया लेकिन एक-दूसरे से बात तक नहीं की। फिल्म पूरी हुई और शम्मी कपूर का वह गाना हिट हो गया सभी ने उन्हें बधाई दी, सब खुश थे सिर्फ टी प्रकाश रॉव को छोड़कर।

जब बी एल रावल की दूसरी फिल्म डायरेक्ट करने की बारी आई तो टी प्रकाश रॉव ने अपना फैसला सुनाया कि अगर फिल्म में शम्मी हैं तो वह फिल्म डायरेक्ट नहीं करेंगे। सभी ने टी प्रकाश रॉव को बहुत समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। आखिर में शम्मी कपूर को फिल्म से निकालकर उनकी जगह राजेंद्र कुमार को फिल्म का हीरो बना लिया गया।