Shammi Kapoor Death Anniversary: हिंदी फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर की आज पुण्यतिथि है। 21 अक्टूबर 1931 को जन्मे शम्मी कपूर का निधन 14 अगस्त 2011 को हो गया था। शम्मी कपूर ने अपने करियर में जिन अभिनेत्रियों के साथ काम किया उनमें मधुबाला भी थीं। शम्मी कपूर उनकी खूबसूरती के दीवाने थे।
मधुबाला के कारण शुरू किया बीयर पीना- शम्मी कपूर अपने शुरुआती दिनों में बहुत पतले थे। जब उन्हें मधुबाला के साथ फिल्म, ‘रेल का डिब्बा’ मिली तो वो बेहद खुश हुए थे। मधुबाला शीर्ष अभिनेत्रियों में गिनी जातीं थीं और उनकी खूबसूरती के चर्चे सबकी जुबान पर थे। शम्मी कपूर ने बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में बताया था कि मधुबाला के कारण ही उन्होंने बीयर पीना शुरू किया था।
मधुबाला ने उन्हें कहा था, ‘तुम इतने पतले हो कि मैं तुम्हारी हीरोइन नहीं लगती हूं, कुछ और ही लगती हूं। तुम अपना वजन बढ़ाओ।’ उनकी यह बात सुन शम्मी कपूर ने वजन बढ़ाने के लिए बीयर पीना शुरू कर दिया था।
‘मधुबाला जैसी हसीन लड़की नहीं देखी’- शम्मी कपूर को संगीत और नृत्य का बहुत शौक था। वो म्यूजिक पर रात को चांद के सामने एक्सप्रेशन देकर अपनी प्रैक्टिस किया करते थे। उन्होंने बताया था, ‘छतों पर चांद को देखते हुए मैं बजते म्यूजिक को अपने एक्सप्रेशन देता था। म्यूजिक कोई सा भी हो। चांद को देखते हुए अगर किसी की याद आने की बात करूं तो तब से लेकर आज तक मधुबाला जैसी हसीन लड़की नहीं देखी।’
गीता बाली से की थी शादी- शम्मी कपूर ने 23 साल की उम्र में उस दौर की स्थापित अभिनेत्री गीता बाली से शादी कर ली थी। दोनों पहली बार फ़िल्म ‘काफ़ी हाउस’ के सेट पर मिले थे। शम्मी कपूर और गीता ने ‘रंगीन रातें’ नाम की एक फिल्म में काम किया और इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया।
दोनों ने अचानक निर्णय लिया था कि वो शादी करेंगे। जब शादी के लिए वो मंदिर गए तो उनके पास मांग भरने के लिए सिंदूर भी न था। तब गीता बाली ने अपने बैग से लिपस्टिक निकाल कर शम्मी कपूर को दिया जिसके बाद लिपस्टिक से ही गीता की मांग भरी गई।
गीता के जाने के बाद अकेले पड़ गए थे शम्मी- शम्मी कपूर दिल देके देखो, राजकुमार, जंगली, कश्मीर की कली आदि फिल्मों के बाद स्टार बन गए थे। इसी दौरान साल 1965 में उनकी पत्नी गीता बाली स्मॉल पॉक्स के कारण गुजर गईं। पत्नी की मौत के बाद शम्मी कपूर बेहद अकेले हो गए थे। वो तीन महीनों तक घर से शूटिंग के लिए नहीं निकले थे। बाद में उन्होंने खुद को संभाला था और फ़िल्में शुरू कर दी थी।