टीवी का फेमस शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बीते काफी समय से विवादों में बना हुआ है। शो के कई कलाकारों ने मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए थे, तो वहीं कई कलाकार शो को अलविदा कह चुके हैं। इन्हीं में से एक हैं शो में तारक मेहता का किरदार निभा चुके शैलेश  लोढ़ा। लगभग दो साल पहले उन्होंने शो को छोड़ दिया था और मेकर्स पर फीस नहीं देने और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगाए थे।

शैलेश लोढ़ा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। शो से बाहर आने के बाद एक्टर अपने बयानों के कारण चर्चा में बने रहते हैं। शैलेश हमेशा से ही अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह पॉलिटिक्स, टीवी और बॉलीवुड सहित अन्य इशुज पर खुलकर बात करते नजर आते हैं। अब हाल ही में एक्टर ने बीते साल रिलीज हुई रणबीर कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। 

‘एनिमल’ पर बिफरे शैलेश लोढ़ा

दरअसल शैलेश लोढ़ा हाल ही में आज तक एक कार्यक्रम का हिस्सा बने थे, जहां उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर बात की। इसी बीच एक्टर ने संदीप वांगा रेड्डी की फिल्म एनिमल पर भी तंज कसा। हालांकि इस फिल्म की कहानी और डायलॉग को लेकर काफी विवाद हो चुके हैं। इस फिल्म को महिला विरोधी बताया गया था। इसके बावजूद फिल्म ने 900 करोड़ से अधिक का कारोबार किया है।

अब शैलेश लोढ़ा ने रणबीर कपूर के कैरेक्टर अल्फा मेल रणविजय को लेकर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि इन दिनों ये अल्फा मेल काफी ट्रेंड कर रहा है कि अल्फा मर्द रोता नहीं है। 

रोना दुनिया का सबसे बड़ा गिफ्ट है

शैलेश लोढ़ा ने कहा कि “किसने कहा है कि आदमी रो नहीं सकता या उसे नहीं रोना चाहिए। बिल्कुल रोना चाहिए। मेरा मानना है जो इंसान रोता नहीं है, वह संवेदना हीन है। उसके अंदर की फीलिंग्स खत्म हो गई है या फिर वो इंसान नहीं है। मैं रोता हूं। फिल्में देखकर रोता हूं। सड़क पर कुछ दुखद देख लेता हूं तो रो देता हूं। रोना दुनिया का सबसे बड़ा गिफ्ट है। इंसान को रोना चाहिए।”