4 दिसंबर को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में शशि कपूर का निधन हो गया। उनके दुनिया को अलविदा कहने से बॉलीवुड में शोक पसरा हुआ है। सभी सोशल मीडिया पर अपना दुख व्यक्त करने के साथ ही शशि कपूर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जहां बहुत से लोग शशि के परिवार को सांत्वना दे रहे हैं वहीं नीतू कपूर ने शशि को बड़े ही यूनिक तरीके से श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने वरिष्ठ एक्टर के बचपन की एक रेयर तस्वीर शेयर की है। नीतू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शशि के बचपन की तस्वीर शेयर की है जिसमें वो अपने पिता पृथ्वीराज कपूर के साथ नजर आ रहे हैं।
तस्वीर को शेयर करते हुए नीतू ने लिखा- शशि अंकल अपने पिता के साथ। शशि ने महज 20 साल की उम्र में जेनिफर केंडल से शादी की शी। कपल के तीन बच्चे संजना, करन और कुणाल कपूर हैं। पत्नी की मौत के बाद शशि काफी टूट गए थे और तीनों बच्चे उनकी देखभाल किया करते थे। आज इस एक्टर का अंतिम संस्कार किया जा सकता है। बता दें कि शशि कपूर राज कपूर और शम्मी कपूर के सबसे छोटे भाई थे। शशि कपूर का जन्म 18 मार्च 1938 को कोलकाता में हुआ था। उनका असली नाम बलबीर राज कपूर था।
साल 2011 में शशि को भारत सरकार ने पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित भी किया था। साल 2015 में उनको 2014 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस तरह से वे अपने पिता पृथ्वीराज कपूर और बड़े भाई राजकपूर के बाद यह सम्मान पाने वाले कपूर परिवार के तीसरे सदस्य बने थे। शशि कपूर ने मुंबई के डॉन बोस्को सकूल से पढ़ाई की थी। उनके पिता पृथ्वीराज कपूर उन्हें स्कूल की छुट्टियों के दौरान स्टेज परफॉर्मेंस करने के लिए कहा करते थे।