शाहरुख खान अपने अभिनय के दम पर आज बॉलीवुड के शीर्ष अभिनेताओं में शुमार हो गए हैं लेकिन एक वक्त था जब वो महज़ 50 रुपए की सैलरी पर काम करते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान उन दिनों थियेटर के बाहर टिकट बेचने का काम करते थे और इसी के लिए उन्हें 50 रुपए मिलते थे। एक बार उन्हीं 50 रुपयों को लेकर शाहरुख खान आगरा का ताजमहल देखने निकल पड़े थे।

शाहरुख खान ने अपने स्ट्रगल के दिनों की यह इमोशनल कहानी डांस रियलिटी शो डांस प्लस 5 के सेट पर बताई थी। उन्होंने कहा था कि टिकट खरीदने के बाद उनके पास बस उतने ही पैसे बचे थे जितने में वो एक लस्सी खरीद सकें। उन्होंने लस्सी तो खरीद ली लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो उल्टियां करते हुए घर वापस आए थे।

शाहरुख खान ने पूरी कहानी बताई थी- ‘मैं अपनी पहली सैलरी जो 50 रुपए थी, लेकर ताजमहल घूमने गया था। टिकट खरीदने के बाद मेरे पास सिर्फ इतने पैसे बाकी थे, जिनसे मैं एक पिंक लस्सी खरीद सकूं। मैंने जैसे ही लस्सी ली, उसमें एक मधुमक्खी गिर पड़ी। मैंने उसे गिलास से निकालकर लस्सी पी ली। और फिर लौटते समय रास्ते भर उल्टियां करता रहा।’

शाहरुख खान ने बॉलीवुड में डेब्यू से पहले थियेटर में काम किया था। वो अभिनेत्री अमृता सिंह के साथ थियेटर किया करते थे। उन्हीं दिनों शाहरुख खान को धारावाहिक फौजी में ब्रेक मिला, जो उनके लिए बेहद फायदेमंद साबित हुआ। इस धारावाहिक से वो लोगों के बीच लोकप्रिय हुए और फ़िल्म इंडस्ट्री के लोग भी उन्हें जानने लगे।

 

शाहरुख खान ने बॉलीवुड में दीवाना फिल्म से डेब्यू किया था। लेकिन इस फिल्म के लिए वो पहली पसंद नहीं थे बल्कि पहले शाहरुख का रोल नागार्जुन को ऑफर हुआ था। नागार्जुन ने अपने बिजी शेड्यूल के कारण फिल्म को ना कह दिया जिसके बाद शाहरुख खान को यह फिल्म मिली।

 

शाहरुख खान को फिल्म बाजीगर से लोकप्रियता मिली लेकिन इस फिल्म की पहली पसंद भी वो नहीं थे। फिल्म सलमान खान को लेकर बनने वाली थी लेकिन सलमान किन्हीं कारणों से फिल्म नहीं कर पाए और शाहरुख खान को यह फिल्म मिल गई। इस फिल्म से शाहरुख बॉलीवुड के असली बाजीगर बन गए और लगातार सुपरहिट फिल्में देते गए।