Sawan 2025: इस सावन एक से बढ़कर एक भोजपुरी गाने रिलीज हुए। खेसारी लाल, मनोज तिवारी, पवन सिंह, अंकुश राजा, अरविंद अकेला समेत कई भोजपुरी स्टार्स भगवान शिव की भक्ति में डूबे नजर आए। मगर इस बीच भोलेनाथ पर एक गाना वायरल हुआ, जिसके बोल की चर्चा हो रही है और गाना भी तेजी से वायरल हो रहा है। गाने के बोल हैं, ‘भोले बाबा अस्सलाम वालेकुम’। गाने को आलम राज ने गाया है और यूट्यूब पर ये ट्रेंड कर रहा है।
गाने की शुरुआत कांवड़ियों से होती है जो बोल बम कहते हुए अपनी यात्रा पर जा रहे हैं और तभी एक मुस्लिम रास्ते में जल सेवा करते हुए नजर आते हैं। कांवड़िया पूछता है कि वो क्या कर रहे हैं तो वो कहता है कि कांवड़ियों सेवा कर रहा है। फिर कांवड़िया उसे भोले बाबा पर जल चढ़ाने को कहता है, मुस्लिम व्यक्ति पहले तो मना कर देता है और कहता है कि इससे कांवड़ियों को परेशानी हो सकती है। लेकिन दोबारा अनुरोध करने पर वो उसकी बात मान लेता है और उसके साथ चलने लगता है। फिर कांवड़िया उससे भगवान शिव का एक गीत गाने के लिए कहता है। इसके बाद ‘आलम राज’ नाम का गायक अपना गीत ‘भोले बाबा अस्सलाम वालेकुम’ गाने लगता है।
वैसे तो ये गाना इस वक्त चल रहे हिंदू मुस्लिम मुद्दे के बीच एक अच्छा संदेश देता है, मगर कुछ लोग इसपर आपत्ति जता रहे हैं। वहीं कुछ लोगों को ये गाना खूब पसंद आ रहा है। अपने गाने के बारे मं बात करते हु आलम राज कहते हैं, “हम पहले इंसान हैं”। आलम राज ने कहा कि उन्होंने ये गाना पैसे कमाने के लिए नहीं गाया है। राज ने कहा कि कुछ लोगों को उनके गाने में ‘अस्सलाम वालेकुम’ शब्द से परेशानी होती है, लेकिन वो हर धर्म का प्रचार करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा, “हम हिंदू और मुसलमान नहीं, बल्कि इंसान हैं। इंसानियत ही मेरा धर्म है। लोग यहां आकर हिंदू और मुसलमान बन जाते हैं। ईश्वर ने सबको इंसान बनाया है। हम सभी धर्मों के लोगों के साथ मिलकर रहते हैं।”
राज ने आगे कहा, “मैं गुरुद्वारा, चर्च, मस्जिद और मंदिर, हर जगह जाता हूं। मैंने अभी जो गाना गाया है, उसमें केवल एक शब्द ‘अस्सलाम वालेकुम’ है और लोगों को इससे दिक्कत है। जब मैं धर्म और जाति को जोड़ने की बात करता हूं, तो लोग चिढ़ जाते हैं।” इस बार सावन पर जितने भोजपुरी गाने रिलीज हुए उनकी लिस्ट यहां पढ़ें।