Sapna Choudhary: सपना चौधरी को आज पूरा देश जानता है। सपना की स्टेज परफॉर्मेंस को देखने के लिए हजारों लोग आते हैं। यही कारण है कि सपना के शो हरियाणा, यूपी, बिहार के अलावा अब छत्तीसगढ़ में भी हिट होते हैं। सपना ने हरियाणा ने निकलकर देशभर में अपना नाम बनाया है। यू-ट्यूब पर सपना चौधरी के डांस वीडियो छाए रहते हैं। ऐसा ही एक वीडियो यू-ट्यब पर उपलब्ध है, जिसमें सपना चौधरी के डांस को देखने के लिए लोग आपस में ही भिड़ जाते हैं।
वीडियो में सपना चौधरी पिंक पटियाला सूट में हरियाणवी गाने ‘बंदूक मारेगी’ पर ठुमके लगा रही हैं। यदि आप गौर करेंगे तो सपना के शो में हजारों की भीड़ नजर आ रही हैं। वीडियो की शुरुआत में ही लोग आपस में झगड़ते हुए भी नजर आ रहे हैं। वहीं सपना चौधरी पूरे जोश के साथ झूमती हुई नजर आ रही हैं, तभी एक शख्स लाठी लेकर भीड़ को काबू में करने की कोशिश करता है। सपना चौधरी की पॉपुलैरिटी जबरदस्त होने के कारण आमतौर पर उनके शोज हाउसफुल ही होते हैं। करीब 4 मिनट के इस वीडियो को अबतक 1 करोड़ 71 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो में हजारों की संख्या में कमेंट भी आए हैं। फैन्स सपना चौधरी के डांस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बता दें कि सपना चौधरी ने बहुत कम उम्र में ही डांस करना शुरू कर दिया था। वह परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए स्टेज शो करती थीं। धीरे-धीरे सपना की लोकप्रियता बढ़ने लगी और पूरे हरियाणा में मशहूर हो गईं। सपना चौधरी ने साल 2017 में बिग बॉस 11 शो में भी हिस्सा लिया था। इस शो के कारण सपना चौधरी घर-घर पॉपुलर हो गई थीं। शो से बाहर आने के बाद सपना के पास ऑफर्स की लाइन लग गई थी। हाल ही में सपना का सिंगर दलेर मेहंदी संग गाना बावड़ी तरेड़ रिलीज हुआ है। गाने में सपना का ग्लैमरस लुक देखने को मिला है। सपना चौधरी कई भोजपुरी, पंजाबी और बॉलीवुड फिल्मों में भी डांस नंबर कर चुकी हैं।