Sanjeev Kumar Birthday Special: हिंदी सिनेमा के जबरदस्त एक्टर संजीव कुमार ने कई एक्ट्रेसेस के साथ काम किया। जिनमें सुलक्ष्णा पंडित और हेमा मालिनी के साथ दर्शकों ने संजीव कुमार की जोड़ी को खूब पसंद किया। कहा तो ये भी जाता है कि संजीव कुमार हेमा मालिनी के लिए काफी सीरियस थे। लेकिन जब तक वह अपने दिल का हाल हेमा मालिनी को बताते, हेमा धर्मेंद्र से शादी के लिए हां कह चुकी थीं।

इसके अलावा संजीव कुमार के अफेयर की खबरें एक्ट्रेस और गायिका सुलक्ष्णा पंडित के साथ भी थीं। बावजूद इसके संजीव कुमार की शादी की खबरें फैंस तक कभी नहीं पहुंच पाईं। दरअसल, संजीव कुमार ने एक बार गुलजार को बताया था कि वह शादी क्यों नहीं कर रहे हैं। संजीव कुमार और गुलजार बेहद करीबी और गहरे दोस्त थे। संजीव ने उन्हें बताया था कि उनके खानदान में कोई भी मर्द 50 साल से ज्यादा जीवित नहीं रहता। इसलिए वह किसी से शादी नहीं करना चाहते।

वह शादी करके किसी की जिंदगी खराब नहीं करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने ताउम्र शादी नहीं की। संजीव कुमार के पिता की मृत्यु 50 साल की उम्र में हो गई थी। उनका छोटा भाई भी 48 साल की उम्र में गुजर गया था। वहीं संजीव कुमार भी 47 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए थे।

संजीव कुमार ने पर्दे पर एक से बढ़कर एक दमदार रोल निभाया। अंगूर फिल्म में अशोक बनकर और शोले में ठाकुर का किरदार निभा कर वह अमर हो गए। संजीव कुमार ने जया बच्चन के साथ भी कई फिल्मों में काम किया था, उस वक्त जया बच्चन नहीं ‘जया भादुरी’ थीं। जया और संजीव ने स्क्रीन पर बाप बेटी का किरदार भी निभाया, प्रेमी प्रेमिका, बहु-ससुर और पति-पत्नी का भी। वहीं संजीव चाहते थे कि कोई फिल्म ऐसी बने जिसमें वह जया के बेटे बनें।