साल 1980 में रिलीज हुई फिल्म ‘अबदुल्लाह’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया था। इस फिल्म में लीड रोल में संजय खान नज़र आए थे। यहां तक कि फिल्म के डायरेक्टर भी संजय खान ही थे। संजय के साथ लीड रोल में ज़ीनत अमान ने काम किया था। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों को एक-दूसर से प्यार हो गया था। संजय पहले से शादीशुदा थे और ये बात ज़ीनत को पहले से पता थी। एक साल तक दोनों का रोमांस भरपूर चला और इसके बाद ज़ीनत अपनी अगली फिल्म की शूटिंग करने लोनावला चली गईं।

ज़ीनत अमान की इस फिल्म का नाम था- इंसाफ का तराजू। इस दौरन अचानक मुंबई से ज़ीनत को संजय का फोन आता है। फोन पर संजय बताते हैं कि अब्दुल्लाह के कुछ शॉट्स लेने हैं और इसके लिए उन्हें जैसलमेर जाना होगा। लेकिन ज़ीनत अमान मना कर देती हैं क्योंकि उन्होंने पहले से ही सारी डेट्स बी.आर चोपड़ा को दे दी थीं। संजय खान ये सुनकर नाराज़ हो जाते हैं और वह उनपर गलत आरोप लगा देते हैं। ज़ीनत ने इसके बाद बी.आर चोपड़ा से कुछ वक्त मांगा।

एक्ट्रेस से मारपीट: ज़ीनत अपनी हेयर ड्रेसर के साथ लोनावला से बॉम्बे के लिए निकलीं। संजय खान मुंबई में अपने घर पर नहीं थे तो वह मुंबई के आलीशान होटल में पहुंचीं। यहां संजय खान, ज़ीनत अमान को देखकर काफी नाराज़ हो जाते हैं और चीखने लगते हैं। साथ में दोनों एक कमरे में बात करने के लिए जाते हैं। उसके बाद ज़ोर-ज़ोर से आवाज आने लगती हैं। आवाज सुनने के बाद हेयर ड्रेसर फ्लोरी कमरे में देखने लगती हैं। फ्लोरी ने देखा कि संजय खान बुरी तरह ज़ीनत अमान को पीट रहे थे।

फ्लोरी ने बाहर आकर सभी लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया। ज़ीनत अमान का बहुत बुरा हाल हो चुका था। ज़ीनत का जबड़ा तक भी टूट चुका था और आंख पर गहरा घाव हो गया था। इसके अगले दिन भी ज़ीनत अमान से मिलने के लिए संजय खान पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें भगा दिया था। बहुत समय बाद ज़ीनत से इस बारे में पूछा गया और उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए कहा गया था। लेकिन उन्होंने ऐसा करने के लिए मना कर दिया। उनका कहना था कि मैं संजय से बहुत प्यार करती हूं और ऐसा करने के बारे में सोच भी नहीं सकती।