बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल (Vicky Kaushal) अपनी एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। वो अपने अभिनय के दम पर इंडस्ट्री में एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं। अब उन्होंने एक बार फिर से इस बात को साबित कर दिया कि वो एक बेहतरीन कलाकार हैं। दरअसल, उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘सैम बहादुर’ (Sam Bahadur) का टीजर वीडियो जारी किया गया है, जो कि देशभक्ति के जोश और जुनून से भरपूर है। इसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। वहीं, एक्टर भी भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के किरदार में जच रहे हैं।

विक्की कौशल की फिल्म ‘सैम बहादुर’ के टीजर की बात की जाए तो 1.26 मिनट के वीडियो में देखने के लिए मिल रहा है कि विक्की एक सोल्जर की भूमिका में हैं और वो सोल्जर सैम मानेकशॉ हैं, जो अपनी जान से ज्यादा देश और वर्दी की परवाह करते हैं। वीडियो में दमदार डायलॉग भी हैं, जो हर सीन और कड़ी को मजबूत बना रहे हैं। ये जोश से भरपूर है। विक्की कौशल एक इंडियन आर्मी के फील्ड मार्शल के किरदार में खूब जच रहे हैं। इसमें उनकी जितनी तारीफ की जाए कम होगी।

वहीं, टीजर में विक्की कौशल के अलाना फातिमा सना शेख भी हैं, जिनकी टीजर में छोटी सी झलक देखने को मिल रही है। वो इसमें इंदिरा गांधी की भूमिका में नजर आ रही हैं और सान्या मल्होत्रा ने भी कमाल का काम किया। इससे पहले फिल्म का एक पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें टीजर रिलीज का ऐलान किया गया था। इसके बाद फिल्म के टीजर का सभी को बेसब्री से इंतजार था।

रणबीर कपूर संग भिड़ेंगे विक्की कौशल

इसके साथ ही अगर विक्की कौशल की ‘सैम बहादुर’ की रिलीज डेट की बात की जाए तो इसे 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। बॉक्स ऑफिस पर इसकी भिड़ंत रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनीमल’ से है। इसे भी 1 दिसंबर को ही रिलीज किया जा रहा है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बाजी मारेगी। आपको बता दें कि ‘सैम बहादुर’ बायोपिक है। इसे मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित किया जा रहा है। इसमें विक्की के अलावा फातिमा सना शेख, नीरज काबी, सान्य मल्होत्रा, जीशान आयूब जैसे कलाकार अहम रोल में हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले विक्की कौशल ने मेघना गुलजार के साथ फिल्म ‘राजी’ में साथ में काम किया था। इसमें विक्की के अपोजिट एक्ट्रेस आलिया भट्ट को देखा गया था। दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था और फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर हिट थी। ऐसे में अब फिर से देखना होगा कि मेघना और विक्की की जोड़ी क्या कमाल दिखाती है?