Salman Khan Family Life: सलीम खान किसी पहचान और परिचय के मोहताज नहीं हैं। शब्दों का वो बाजीगर जिसने न केवल फिल्में बल्कि अपनी जिंदगी भी लिख डाली। अपने शब्दों से समां बांध देने वाले सलीम खान ने सिनेमा के लिए एक से बढ़कर एक कहानी लिखीं। हालांकि, सलीम खान ने अपनी जिंदगी भी बड़े पर्दे की तरह सीधे चलने वाली नहीं लिखी थी। उनकी जिंदगी में भी फिल्मों की तरह ही उतार चढ़ाव आए या यूं कहें कि वह खुद ही अपनी जिंदगी के निर्देशक बन गए थे। पहली शादी एक हिंदू महिला से कर लोगों को जता दिया कि वह कुछ भी आसान नहीं करने जा रहे। उन्होंने दूसरी शादी भी की। सलीम खान ने दूसरी शादी बीते जमाने की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस हेलेन से शादी की। आइए जानें सलीम खान और हेलेन के कुछ सुने अनसुने किस्से:

सलीम खान की सिनेमा में एक अलग पहचान है। पेशे से लेखक होने के कारण इसकी छाप उनकी जिंदगी पर पड़ी। दूसरों के मुंह से अपने शब्द बुलवाने वाले सलीम खान की लव लाइफ भी उनके मुताबिक ही चलती गई। हालांकि, इस कहानी में भी प्यार, मोहब्बत, तकरार, टकराव, उतार, चढ़ाव सब कुछ था। सलीम खान को वैसे तो लोग लेखक के तौर पर जानते हैं। हालांकि, उन्होंने कुछ फिल्मों में एक्टिंग भी की है। लेकिन एक्टिंग में वह सफल नहीं हो पाए। सलीम खान ने तीसरी मंजिल’, सरहदी लुटेरा, 1967 में आई दीवाना, 1977 में आई वफादार में काम किया। लेकिन वह एक्टिंग में सफल नहीं हो पाए। शायद जिंदगी किसी और रास्ते से सफलता दिलाना चाहती थी। उन्हें सफलता मिली लेखक के तौर पर। इसके बाद यहीं से उनकी उनकी असल कहानी शुरू हो जाती है।

सलीम खान की पहली पत्नी सलमा खान के बारे में तो सब जानते हैं। सलमा शादी से पहले हिंदू थीं और उनका नाम सुशीला था। दोनों की शादी 1964 में हुई थी। सलीम और सलमा से चार बच्चे हैं। सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा खान। हालांकि इसके कुछ समय बाद एंट्री होती है हेलेन की। हेलेन का जन्म 21 नवबंर 1938 को बर्मा में हुआ था। जापान के बर्मा पर कब्जा करने और पिता की मौत के बाद हेलेन परिवार सहित पहले कोलकाता फिर मुंबई आ गए। हेलेन का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर था। जिसके चलते उन्हें डांसर का काम करना पड़ा। केवल 19 साल की उमर में ही फिल्म हावड़ा ब्रिज में हेलन को काम मिल गया। हावड़ा ब्रिज के मशहूर गाने ‘मेरा नाम चिन चिन चू’ ने हेलन को पहचान दिला दी। जिसके बाद वह आइटम गर्ल बन कर उभरीं।

हेलेन की जिंदगी भी आसान नहीं थी। पैसों की तंगी के चलते डांसर बनना पड़ा। फिल्में मिली और उसके बाद हेलेन ने 1957 में खुद से करीब 27 साल बड़े पीएन अरोड़ा से शादी कर ली। यह रिश्ता 16 साल चला। आखिर में हेलेन के 35वें जन्म दिन पर आखिरी सांसे गिरते रिश्ते ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद वह बेहद परेशान रहने लगीं। तंगी इतनी आ गई कि वह अपार्टमेंट का किराया भी न दे पा रही थीं। अब हेलेन की जिंदगी में आते हैं सलीम खान।

वैसे तो सलीम खान पहले से ही हेलेन को जानते थे। सलीम खान की हेलेन से पहली मुलाकात साल 1962 में आई फिल्म ‘काबिल खान’ के दौरान हुई थी। लेकिन तब वह पहले से ही शादीशुदा थे। हेलेन की जिंदगी के उतार चढ़ाव उन्हें सलीम खान के करीब लाते गए। साल 1975 तक हेलेन की जिंदगी में सलीम खान आ चुके थे। तमाम तरह की तकलीफों से घिरीं हेलेन को आखिरकार सलीम खान ने अपना लिया। दोनों की शादी सन 1980 में हुई। हालांकि इस शादी के लिए पहली पत्नी और बच्चे तक बगावत पर उतर आए थे। सलीम खान के चारों बच्‍चे मां के ही खड़े थे। लेकिन वक्त ने बढ़ी दूरियों को खत्म कर दिया। अब आज दुनिया के सामने आने वाली तस्वीरों जैसी ही खूबसूरत उनकी दुनिया है।

बेहत अच्छी और सादगी भरी जिंदगी के बावजूद लोग पूछते हैं कि सब कुछ अच्छा होने के बाद हेलेन मां क्यों नहीं बनीं। इस बारे में दैनिक भास्कर में छपे सलीम खान के एक लेख के मुताबिक, ‘बच्चों को लगा कि उन्हें एक और मां मिल गई है। जबकि हेलेन को पहले से पूरा हो चुका एक परिवार मिल गया। जिसके चलते कभी बच्चों के बारे में सोचा ही नहीं गया’।