श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari) की बेटी पलक तिवारी (Palak Tiwari) ने सलमान खान(Salman Khan) की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ (Kisi Ka Bhai Kisi Ki jaan) से बॉलीवुड में डेब्यू किया है। उन्होंने इसके प्रमोशन के दौरान फिल्म में काम करने के अनुभव के बारे में एक इंटरव्यू में बात की थी। उन्होंने फिल्म के सेट पर महिलाओं के कपड़ों को लेकर बनाए गए रूल का खुलासा किया था। हालांकि, बाद में वो इससे मुकर गई थीं। ऐसे में अब सलमान ने भी इस मामले पर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने लो नेकलाइन वाले स्टेटमेंट को सपोर्ट करते हुए कहा कि महिलाएं जितनी ढकी होंगी उतना ही बेहतर होगा। साथ ही उन्होंने पुरुषों की सोच के बारे में भी बताया है।
सलमान खान ने रजत शर्मा के टीवी शो ‘आपक अदालत’ में लो नेकलाइन वाले मुद्दे को लेकर बात करते हुए कहा कि ‘उनका मानना है कि महिलाओं का शरीर बहुत ही कीमती है। वो जितनी ढकी होंगी उतना बेहतर होगा। माहौल थोड़ा अलग है। ये महिलाओं के बारे में नहीं है। ये पुरुषों के बारे में हैं। जिस तरह से वो महिलाओं को देखते हैं। बहनें, पत्नी, माताएं… इन सब बातों से गुजरें एक्टर को ये सब पसंद नहीं है।’
क्या बोली थीं पलक तिवारी?
मालूम हो कि पिछले दिनों ‘किसी का भाई किसी की जान’ के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में पलक तिवारी ने सलमान के इस रूल के बारे में खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि ‘सलमान के सेट पर एक नियम है कि कोई भी लड़की लो नेकलाइन वाले कपड़े नहीं पहन सकती है।’ इसके पीछे की वजह के बारे में एक्ट्रेस ने बताया था कि ‘उनका कहना है कि लड़कियां जो मर्जी पहन सकती हैं। मगर उनके साथ काम करने वाली लड़कियां हमेशा प्रोटेक्टिड और सेफ रहनी चाहिए। सेट उनकी पर्सनल जगह नहीं होती है, जहां वो किसी और पर भरोसा कर सकती हैं। इसलिए अपने आस-पास की लड़कियों की सिक्योरिटी के बारे में चिंतित रहना चाहिए।’
