बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान की मुसीबतें इन दिनों कम नहीं हो रही है। विवादों से उनका पुराना नाता रहा है। एक तरफ वे काला हिरण शिकार मामले में फंसे हैं तो दूसरी ओर कई अन्य मुसीबतों का भी सामना कर रहे हैं। इस बीच एक और नया विवाद सामने आया है। ताजा मामला जमीन से जुड़ा हुआ है। एक एनआरआइ जोड़े ने कथित तौर पर उनके उपर आराेप लगाया है कि वे उन्हें उनकी संपत्ति से बिजली नहीं लेने दे रहे हैं। एनआरआइ जोड़े ने संपत्ति पर अपना पूरा हक जताया है।
एनआरआइ जोड़े ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर पूरी जानकारी साझा की। साथ ही कहा कि उन्हें सलमान खान की संपत्ति में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। वहीं, इस मामले पर सलमान खान के वकील का कहना है कि वे कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं। आरोप लगाने वाले उनकी संपत्ति को अपने नाम कराना चाहते हैं।
इन विवादों में घिर चुके हैं सलमान: सलमान खान और विवादों का चोली-दामन का रिश्ता रहा है। कभी काला हिरण के शिकार को लेकर तो कभी गर्लफ्रेंड के साथ झगड़े को लेकर वे जेल तक जा चुके हैं। काला हिरण शिकार मामले में भी उन्हें सजा मिली है। 28 दिसंबर 2002 को फुटपाथ पर सोये लोगों पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में सलमान आरोपी बने थे। इस मामले कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया है। 26/11 हमले पर टिप्पणी कर भी वे विवादों में घिर गए थे। कहा था कि यह हमला इसलिए चर्चा में रहा क्योंकि फाइव स्टार होटल पर हुआ था। एक मछुआरे ने भी उनके खिलाफ 2011 और 2012 में बांद्रा थाने में परेशान करने को लेकर शिकायत दर्ज करवायी थी।
बता दें सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘भारत’ फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। हॉलीवुड में धूम मचाने के बाद अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इसी फिल्म से बॉलीवुड में कमबैक कर रही है। इससे पहले सलमान और प्रियंका ने ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘सलाम-ए-इश्क’ और ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’ में एक साथ काम किया है। करीब 10 साल बाद दोनों एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। यह अगले साल ईद पर रिलीज हो सकती है।

