CineGram: बॉलीवुड के दबंग स्टार यानी सलमान खान 27 दिसंबर को अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं। दुनियाभर में उनके फैंस उन्हें ढेर सारी बधाई दे रहे हैं। सलमान खान अपने स्टाइल को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं, वो जहां जाते हैं कोई उन्हें भाईजान कहकर बुलाता है तो कोई सल्लू भाई बोलता है। इंडस्ट्री में भी उन्हें इस नाम से जाना जाता है, लेकिन कम ही लोग जानते होंगे कि सल्लू नाम का कनेक्शन जैकी श्रॉफ के साथ है। इसकी कहानी हम आपको बताने वाले हैं।

खुद किया था खुलासा

साल 2012 में सलमान खान की फिल्म ‘एक था टाइगर’ आई थी और इसी के प्रमोशनल इवेंट के दौरान सलमान ने अपने शॉर्ट नेम ‘सल्लू’ के पीछे की कहानी सुनाई थी। सलमान ने बताया था कि ये नाम उनका कैसे पड़ा। एक्टर ने कहा था कि उनका असली नाम सलमान खान है जो उनके पेरेंट्स ने उन्हें दिया है और ये उन्हें बहुत पसंद है। मगर सल्लू नाम उन्हें जैकी श्रॉफ ने दिया था, जिससे फैंस उन्हें पुकारते हैं।

सलमान ने नाम की कहानी बताते हुए कहा था, “जो फैंस ने दिय है वो अभी एक्सेप्ट हो गया है, सल्लू पता नहीं किसने…. मुझे लगता है जैकी से शुरू हुआ है सल्लू। उसके बाद एक दिन मुझसे मिलते हैं जैकी श्रॉफ जी, उन्होंने कहा सल्ले मैंने कहा किस्से बात कर रहे हैं, बाद में पता चला मैं ही वो सल्ले हूं।”

जैकी को अपने जैसे लगते हैं सलमान

2022 में फरीदून शहरयार के साथ एक इंटरव्यू में, जैकी श्रॉफ ने सलमान खान के बारे में बात की और बताया कि उन्हें सलमान खान अपने जैसे लगते हैं। उन्होंने कहा कि ‘तेरे नाम’ एक्टर  उन्हें देखकर बड़े हुए हैं और उन्हीं की तरह कपड़े पहनते हैं, चलते हैं और बोलते हैं।” जैकी ने कहा था कि सलमान उनके छोटे भाई जैसे हैं, उनके अलावा जैकी कोई नहीं मिला। उन्हें सलमान अपने लगते हैं।

बता दें कि सलमान खान इस वक्त अपनी आने वाली फिल्म ‘सिकंदर’ को लेकर चर्चा में हैं। ये एक एक्शन थ्रिलर है, जिसमें सलमान खान डबल रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म में सलमान खान के साथ रश्मिका मंदाना और सुनील शेट्टी भी हैं और इसका निर्देशन ए.आर. मुरुगादॉस ने किया है। ये एक्शन मूवी 2025 में ईद के मौके पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा इस वक्त ‘बेबी जॉन’ में भी अपने कैमियो के लिए सलमान खान तारीफ बटोर रहे हैं। आने वाले साल में सलमान की फिल्म के अलावा और भी फिल्में रिलीज हो रही हैं।