दिग्गज फिल्म एक्टर, प्रोड्यूसर और स्क्रीन राइटर सलीम खान 24 नवंबर को 88 साल के हो गए हैं। उन्होंने एक्टिंग में अपना करियर बनाया था, लेकिन बाद में वह एक बेहतरीन स्क्रीनराइटर के रूप में उभरे। वह और जावेद अख्तर मिलकर राइटिंग किया करते थे। दोनों की जोड़ी इतनी मशहूर थी कि हर फिल्ममेकर उनसे अपनी फिल्में लिखवाना चाहता था। सलीम खान के करियर के साथ-साथ उनकी पर्सनल लाइफ भी काफी चर्चा में रही है।

अपने करियर की ऊंचाइयों पर पहुंचने के बाद उन्होंने सलमा खान से शादी की। जो सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान की मां हैं। सलीम खान और सलमा के चार बच्चे हुए। लेकिन सलीम को आगे चलकर एक्ट्रेस और डांसर हेलन से प्यार हो गया और उन्होंने दोबारा शादी कर ली। लेकिन उन्होंने अपनी पहली पत्नी संग भी रिश्ता नहीं तोड़ा। सलीम खान हमेशा अपनी दो शादियों को लेकर मुखर रहे हैं। जीवन को लेकर उनके विचार हमेशा से स्पष्ट रहे हैं। उन्होंने अपने बच्चों की भी अच्छी परवरिश की है। इतना ही नहीं उन्होंने एक बेटी गोद भी ली थी, जिसका नाम अर्पिता खान शर्मा है।

सलीम खान अपने इंटरव्यू में जीवन के अनुभवों को साझा करते रहते हैं। एक  बार उन्होंने रिश्ते को लेकर ऐसी बात कही थी, जो सबके दिलों पर छाप छोड़ गई। उन्होंने कहा था, “लोग हमेशा अंडरस्टेंडिंग की बहुत तारीफ करते हैं। इस कपल में बड़ी अंडरस्टैंडिंग है, इस फैमिली में बड़ी अंडरस्टैंडिंग है। अंडरस्टैंडिंग किसी भी इंसान के रिश्ते में सबसे खराब चीज है। आपको हैरानी हुई न? अंडरस्टैंडिंग क्या है? मेरी बीवी एक महाराष्ट्रियन है, वो एक अलग वातावरण से आई है। मैं पठान हूं मैं अलग…चार चीजें मुझे मेरी बीवी की पसंद नहीं है, जिस पर बहस होती है झगड़ा होता है।”

“चार चीजें उसे मेरी पसंद नहीं है। तो हम समझदारी से तय करते हैं कि चलो हम ये नहीं करते। चार चीजें वो छोड़ती है चार मैं छोड़ता हूं। झगड़ा बंद हो गया। झगड़ा बंद होना कोई प्यार की जीत नहीं है। रिलेशनशिप ऐसे नहीं चलती, रिलेशनशिप मोहब्बत से चलती है। मां बेटा हो, बाप-बेटा हो, भाई-भाई हो या पति पत्नी हो। जिस दिन उस रिश्ते से प्यार निकल गया, उस दिन दुनिया की कोई समझ उसे ठीक नहीं कर सकती।

बता दें कि सलीम की अपनी पहली पत्नी सलमा के साथ अंतर्धार्मिक शादी थी। वहीं उनकी हेलन के साथ शादी की बात की जाए तो अरबाज खान को दिए इंटरव्यू में सलीम ने कहा था कि ये एक इमोशनल एक्सीडेंट था। उन्होंने जान बूझकर ये नहीं किया। ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है।