मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले साल से ही उन्हें दिल संबंधी कई बीमारियां हो गई थीं और वे फैशन इंडस्ट्री से भी दूर चले गए थे। उनका आखिरी शो लैक्मे इंडिया फैशन वीक था जहां एक्ट्रेस अनन्या पांडे उनकी शो स्टॉपर थीं। उस शो में भी उन्हें लड़खड़ाते हुए देखा गया था, तब से ही फैन्स उनको लेकर परेशान थे। लेकिन उस इवेंट के बाद से ही रोहित की फैशन इंडस्ट्री में सक्रियता कम होती चली गई थी।
रोहित बल के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर
अब जब उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है, हर कोई स्तब्ध है। सोशल मीडिया पर सभी सेलेब्स उनके निधन पर शोक जता रहे हैं, उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। हर कोई उनके योगदान को याद कर रहा है, फैशन इंडस्ट्री में उनकी भूमिका की जमकर तारीफ कर रहा है।
कौन हैं रोहित बल?
जानकारी के लिए बता दें कि रोहित बल जाने माने फैशन डिजाइनर हैं, जो बॉलीवुड के तमाम एक्टर्स के कपड़े डिजाइन कर चुके हैं। रोहित का जन्म साल 1961 में मई की 8 तारीख को हुआ था। वह श्रीनगर में जन्में थे और उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी से अपनी फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था।
2010 में आया था बड़ा हार्ट अटैक
इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने काम से सबको काफी इंप्रेस किया। मेहनत के दम पर वे आगे बढ़ते चले गए और सभी सेलेब्स के चहीते भी बने। लेकिन फिर साल 2010 में उन्हें बड़ा हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद से उनकी तबीयत खराब रहने लगी थी। उसके बाद शराब की आदत ने भी उनकी सेहत को और खराब करने का काम किया और वे अपनी फैशन इंडस्ट्री से ही दूर होते चले गए। अब त्योहार के इस मौसम में उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है।