बॉलीवुड अभिनेत्री रिचा चड्ढा की बतौर निर्माता पहली फिल्म ‘खून चली आंधी’ की स्क्रीनिंग ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में हुई। भारतीय फिल्म फेस्टिवल के दौरान हुई स्क्रीनिंग के लिए रिचा खुद ऑस्ट्रेलिया गई थीं। उन्होंने फेस्टिवल में ”बॉलीवुड में महिलाएं” पर मास्टर क्लास भी ली। हिदुस्तान टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से लिखा है, ”किसी और लड़की की तरह, रिचा को भी शॉपिंग करना पसंद है। ऑस्ट्रेलिया शॉपिंग के लिए काफी अच्छा जगह है। एक दिन, वह एक स्टोर में अपने लिए शॉपिंग कर रही थीं। तभी स्टोर की मैनेजर ने रिचा से मदद मांगी। वह डरी हुई नजर आ रही थी, पूछने पर उसने रिचा को बताया कि कि स्टोर में एक लड़का उसका पीछा कर रहा है और उसे परेशान कर रहा है। यह सुनने के बाद, रिचा ने न सिर्फ उसकी मदद करने की ठानी, बल्कि स्टोर बंद होने तक उन्होंने वहीं इंतजार किया। उसके बाद, वह उन्हें कुछ खिलाने के लिए ले गईं और भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा। रिचा ने उससे कहा कि उसे इसकी शिकायत करनी चाहिए।”
घटना के बारे में रिचा कहती हैं, ”चैपल स्ट्रीट पर शॉपिंग करते वक्त मैंने एक लड़की को परेशान पाया। चूंकि सर्दियां चल रही हैं और वहां इक्का-दुक्का लोग ही थे, इसलिए मैंने उस लड़की के साथ काम खत्म होने तक रुकने का फैसला किया, उसे उसे कुछ खिलाया। मेरे ख्याल से उसने अगले दिन ही शिकायत दर्ज करा दी थी। यह काफी चौंकाने वाली बात है कि पूरी दुनिया में ऐसा होता है।” रिचा से पहले बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू ने दिल्ली में एक लड़की को शोहदों से बचाया था। दिल्ली में दिल्ली में अपनी फिल्म की शूटिंग के दौरान तापसी ने देखा कि कुछ लड़के एक लड़की को परेशान कर रहे थे। तापसी तुरंत लड़की को वहां से लेकर आईं और उसे उसके घर पहुंचाया।