प्रभास और कृति सेनन की बहुचर्चित फिल्म आदिपुरुष को लेकर पिछले काफी समय से चर्चा जोरों पर चल रही है। जब से इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है, तब से लोग इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर से लेकर गानो तक को फैंस का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज से पहले ही फैंस के बीच फिल्म का क्रेज देखने को मिल रहा है।
वहीं फिल्म की एडवांस बुकिंग भी 11 जून से शुरू हो चुकी है। ‘आदिपुरुष’ की एडवांस बुकिंग बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि जब इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था तब इसपर जमकर बवाल हुआ था। इसके बाद फिल्म के पोस्टर रिलीज हुआ तब भी विवाद गहराया, शिकायतें दर्ज हुईं, फिल्म के वीएफएक्स को घटिया बताया गया।
इन सबके बाद आखिरकार यह फिल्म 16 जून को रिलीज हो रही है। पूरी टीम फिल्म का जमकर प्रमोशन कर रही हैं। गीतकार मनोज मुंतशिर भी लगातार प्रमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि रावण ने अपनी बहू के साथ संबंध बनाए थे। अब मनोज मुंतशिक के इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर उनकी आलोचना कर रहे हैं।
मनोज मुंतशिर ने क्या कहा
मनोज मुंतशिर ने हाल ही में ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह कह रहे हैं कि, कौन था रावण? वो जिसने अपने ही भाई कुबेर से लंका छीनकर खुद को लंकापति घोषित कर दिया था। अधर्मी ऐसा कि अनेकों स्त्रियों के साथ दुष्कर्म किया। वेदवती एक सन्यांसिनी थी। पुंजकस्थला एक अप्सरा, रावण ने दोनों के साथ कुकर्म किया। यहां तक कि उसने रिश्तों की भी लाज नहीं रखी। अपनी ही बहू रंभा को उसने हवस का शिकार बनाया।
माता सीता को हाथ भी नहीं लगाया क्यों?
मुंतशिर ने आगे कहा कि माता सीता को रावण ने हाथ क्यों नहीं लगाया? क्या अचानक उसके अंदर सदाचार जाग उठा था? दरअसल रावण को उसकी बहू रंभा ने श्राप दिया था कि अब यदि वह किसी स्त्री को उसकी इच्छा के बिना हाथ लगाएगा तो उसका सिर टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर जाएगा। सीता माता को न छूने का कारण रावण की मर्यादा नहीं मृत्यु का भय था। मां सीता अशोक वाटिका में सिर्फ इसलिए सुरक्षित रहीं क्योंकि उन्होंने अपने सतीत्व से समझौता नही किया। अपनी आत्मा पर राम के सिवा किसी और की परछाईं तक नहीं पड़ने दी।
मनोज मुंतशिर पर भड़के लोग
मनोज मुंतशिर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया है। सोशल मीडिया यूजर्स गीततकार को ट्रोल करते नजर आ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि ‘ये आदमी इस वीडियो में बता रहा है, रावण ने अपनी ही बहू के साथ संबंध बनाए थे, ये थोड़ा गलत बताया है। उसने अपने सौतेले भाई कुबेर की बहू के साथ संबंध बनाए थे।’ ऋषभ नाम के यूजर ने लिखा कि’ रावण सबसे बड़ा पंडित था न कि अधर्मी। फिल्म के लिए कुछ भी मत बोलो। वैसे ही इतनी नफरत है लोगों में।’ दीपक नाम के यूजर ने लिखा कि ‘गलत जानकारी मत दो रावण के बारे में। वह एक महाविद्वान थे। शिव तांडव स्तोत्र की रचना की थी। मनगढ़ंत कुछ भी मत बोलो।’