सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) इन दिनों फिर से सुर्खियों में लौट आए हैं। हनी सिंह की पत्नी ने उनपर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इससे पहले भी हनी सिंह अपने रैप सॉन्ग को लेकर खबरों में छा चुके हैं। ऐसे में एक बार हनी सिंह पत्रकार सुधीर चौधरी के शो पर गए थे, जहां उनसे कई तरह के सवाल पूछे गए थे। वहीं यो यो हनी सिंह ने भी पूरे कॉन्फिडेंस के साथ जवाब दिए थे।
पत्रकार सुधीर चौधरी ने देश के करोड़ों माताओं-पिताओं का हलावा देते हुए हनी सिंह से सवाल किया था-‘ये क्या वाहियातपना फैला रखा है?’ इस पर बड़े इंट्रस्टिंग तरह से हनी सिंह ने जवाब दिया था। सुधीर चौधरी ने पूछा था- ‘जो मां-बाप हैं, और तमाम लोग जो आपसे परेशान हैं, उनकी तरफ से पूछता हूं- ये क्या वाहियातपना देश में फैला रखा है आपने? वाहियात गाने वाहियात लिरिक्स, और उल्टी सीधी बातें। लोग ये कह रहे हैं कि समाज में जो गिरावट आ रही है वो हनी सिंह के गानों की वजह से आ रही है।’
इस पर हनी सिंह ने अपने चेहरे के एक्सप्रेशन बदलते हुए हंसकर जवाब दिया- ‘आप कभी युवाओं में बैठे हैं बच्चों में! कैसी बातें करते हैं वो?’ सुधीर चौधरी जवाब देते हैं- ‘वो आपको पसंद करते हैं।’ हनी सिंह ने इस पर कहा- ‘उनकी बातचीत कैसी होती है? क्या वो ऐसे बोलते हैं- ‘वह व्यक्ति यहां आया?’ बोलते हैं वो? क्या वो लिट्रेचर में बातें करते हैं?’
हनी सिंह ने आगे बताया- ‘एक अंग्रेजी शब्द है- स्लैंग, जो भाषा नहीं होती। ये हर दौर में बदलता है। वो उस स्लैंग में बात करते हैं। तो मैं कहूंगा कि वाहियातपना कहना तो बिलकुल गलत है। मेरे गाने वाहियात होते हैं ऐसा तो नहीं है। मैंने लिट्रेचर पढ़ा नहीं है सर, मैंने जो भी दुनिया सीखी है, या बोलने का तरीका सीखा है, मैं पंजाबी अच्छी बोलता हूं, पंजाब से हूं। मैंने हिंदी में सुधार किया और उर्दू भी थोड़ी बहुत अच्छी बोल लेता हूं। अंग्रेजी भी बहुत अच्छी बोल लेता हूं। तो ये सब सुन सुन कर ही सीखा है। बहुत विद्वान लोगों में नहीं रहा हूं मैं, स्ट्रीट में छोटी गलियों में रहा हूं।’
सुधीर चौधरी ने इस बीच कहा- ‘विद्वानों की भी भाषा खराब कर रहे हो! हनी इस पर कहते हैं- नहीं, कहां विद्वानों की भाषा खराब कर रहा हूं। बल्कि मैंने तो विद्वानों को देखा है ज्यादातर जब बैकस्टेज बैठे होते हैं तो वो भी वैसी ही भाषा में बात करते हैं। जैसे ही वह पब्लिक में आते हैं तो वह लिट्रेचर और अच्छी भाषा बोलते हैं। कहीं न कहीं लिट्रेचर दूर चला गया है और स्लैंग आ गया है। तो उसी से निकालकर गाने बनाता हूं मैं, मेरे कोई अपने विचार नहीं हैं ये।’
बताते चलें, बॉलीवुड सिंगर यो यो हनी सिंह का असली नाम है-हिरदेश सिंह। हनी सिंह को उनके अमेरिकी दोस्तों ने पहली बार ‘Yo Yo’ कह कर बुलाया था, जिसका मतलब ‘आपका अपना’ है। हनी सिंह इन दिनों अपनी पत्नी शालिनी तलवार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर खबरों में हैं। उनकी पत्नी ने उनपर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। ऐसे में शालिनी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।