करण जौहर का टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ का आठवां सीजन शुरू हो चुका है और पहले एपिसोड में बॉलीवुड का दमदार कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण गेस्ट बनकर पहुंचे थे। जहां उन्होंने अपने रिश्ते के बारे में काफी बातें कीं। रणवीर ने बताया कि कैसे और कब उन्हें दीपिका से प्यार हुआ था। दोनों की लव स्टोरी को लेकर शो में काफी बातें हुई। रणवीर ने बताया कि संजय लीला भंसाली के घर पर जब ‘गोलियों की रासलीला राम लीला’ के लिए वह और दीपिका मिले थे, उसी पल उन्हें एक्ट्रेस से प्यार हो गया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसके लिए उन्हें ट्रोल भी किया जा रहा है।
फिल्म एक्टर और क्रिटिक केआरके भी इसपर मजे लेते नजर आ रहे हैं। केआरके ने रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण का वीडियो शेयर किया है। इसके साथ ही Koffee with Karan के पुराने सीजन का भी क्लिप इसमें जोड़ा गया है, जिसमें रणवीर, अनुष्का के बारे में भी ऐसी ही कहानी सुनाते दिख रहे हैं। केआरके ने इसपर कैप्शन लिखा,”ये डबल ढोलकी झूठा रणवीर एक ही कहानी अनुष्का और अब दीपिका के लिए सुना रहा है। कृ्प्या देखें।”
दीपिका के रिलेशनशिप वाले बयान पर भी कसा तंज
दरअसल इस एपिसोड में दीपिका ने रणवीर संग रिश्ते पर बात की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह और रणवीर कमिटेड नहीं थे और उस वक्त उन्होंने चार और लोगों को भी डेट किया। लेकिन वह लौटकर रणवीर के पास ही आती थीं। दीपिका के इस बयान के लिए उन्हें बहुत ट्रोल किया जा रहा है। लोग उन्हें जज कर रहे हैं और उनपर मीम्स भी बना रहे हैं। केआरके ने भी ये मौका नहीं छोड़ा और तमाम ट्वीट कर डाले।
एक ट्वीट में केआरके ने लिखा, “रणवीर सिंह भाई, मैं भले ही आपका दोस्त नहीं हूं, लेकिन मैं दुख की इस घड़ी में आपके साथ खड़ा हूं! ये जानकर दिल से बुरा लग रहा है…” अन्य ट्वीट में केआरके ने लिखा, “डबल ढोलकी के सामने दीपिका लाजवाब हैं। उन्होंने कहा, “उससे पहले मेरे कुछ रिश्ते रहे थे। और मैं उससे कमिटेड होने के बाद कई अन्य लोगों से मिल रही था लेकिन केवल शरीर से क्योंकि मेरी आत्मा उसके साथ थी। शानदार! शानदार! बहुत बढ़िया।”
आपको बता दें कि दीपिका के इस बयान पर रणवीर का रिएक्शन भी चर्चा का विषय बना हुआ है। दीपिका के ऐसा बोलने के बाद रणवीर ने उनका नाम पूछा था। लेकिन दीपिका ने कहा था कि उन्हें याद नहीं है। जिसके बाद रणवीर ने कहा था, “अभी तो तुमने बोला कि तुमने दूसरे लोगों को डेट किया है। अब तुमको याद नहीं है। लेकिन मुझे बहुत अच्छे से याद है।”