एक्टर रणवीर सिंह अपने मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ (Jayeshbhai Jordaar) के प्रमोशन में लगे हुए हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म की कहानी लड़की की भ्रूण हत्या पर बेस्ड है। अपनी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर रणवीर पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बात की थी। एक्टर से सवाल पूछा गया कि वह अपने पहले बच्चे के बारे में क्या सोचते हैं। जिसको लेकर रणवीर सिंह ने कुछ ऐसा कहा कि आप भी कहेंगे वाह-

दरअसल फिल्म में रणवीर ऑनस्क्रीन पिता की भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में रणवीर अपने पिता से अपनी पत्नी और होने वाली बेटी को बचाने के लिए लड़ते हुए दिखाई देंगे। वहीं अब उनके फैंस रियल लाइफ में रणवीर सिंह को पापा बनते और दीपिका पादुकोण को मां बनते देखना चाहते हैं।

एक पत्रकार ने जब उनसे सवाल किया कि रियल लाइफ में बेटा चाहिए या फिर बेटी तो एक्टर ने कहा, ‘जब आप मंदिर जाते हैं, तो वे आपसे नहीं पूछते कि आपको लड्डू चाहिए या शीरा। जो कुछ भी मिलता है, पूरी श्रद्धा के साथ लेते हैं क्योंकि वो प्रसाद है। तो वही तर्क यहां लागू होता है। भगवान जो कुछ भी दीपिका और मुझे आशीर्वाद देना चाहते हैं – चाहे वह लड़का हो या लड़की, ये एक सच्चा आशीर्वाद होगा। तो वहां कोई विकल्प नहीं है।’

आपको बता दें कि नवंबर 2018 में रणवीर और दीपिका शादी के बंधन में बंधे थे। इसके बाद से ही कई बार सोशल मीडिया पर दीपिका की प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाहें फैल चुकी हैं, लेकिन फिलहल उनकी तरफ से अभी तक ऐसी कोई खबर नहीं आई है। फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ में बोमन ईरानी के अलावा रत्ना पाठक शाह भी नजर आएंगी। फिल्म कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित है, लेकिन ट्रेलर देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म के जरिए रणवीर समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश जरूर देंगे। फिल्म 13 मई 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।

अगर फिल्म की बात करें तो ट्रेलर के अनुसार यह फिल्म गुजरात के पृष्ठभूमि पर बनी है। जहां एक गांव के सरपंच का बेटा जयेश (रणवीर सिंह) हैं। वहीं सरपंच के किरदार में बोमन ईरानी नजर आने वाले हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि जयेश की पत्नी मां बनने वाली होती हैं। जब यह खबर घर वालों को पता चलती है तो उनकी चाहत एक बेटे की होती है। लेकिन जयेश की पत्नी (शालिनी पांडे) को बेटी होने वाली होती है। जिसके बाद बोमन ईरानी और उनकी पत्नी अपनी बहू का ऑबर्शन कराना चाहते हैं। लेकिन रणवीर ये नहीं चाहते। पिता से जयेश बगावत करता है।