सेलिब्रिटी डिजाइनर मनीष मल्होत्रा (Manish Malhotra) ​​के ब्राइडल कॉउचर शो का बीती रात को आगाज किया गया। इस इवेंट में बी-टाउन से कई सेलिब्रिटी ने शिरकत की थी। इसमें अर्जुन कपूर, दीपिका पादुकोण, नोरा फतेही, जान्हवी कपूर, काजोल, खुशी कपूर और प्रनूतन बहल जैसे सेलेब्स पहुंचे थे। वहीं, आलिया भट्ट और रणवीर सिंह ने इवेंट में रैंप वॉक की। इस दौरान एक्ट्रेस को दुल्हन के गेटअप में देखा गया और एक्टर दूल्हे के लिबाज में नजर आए। इसी बीच रणवीर और दीपिका का क्यूट भरा मोमेंट कैमरे में कैद हो गया।

आलिया भट्ट (Alia Bhatt) के साथ रणवीर सिंह (Ranveer singh) ने रैंप वॉक किया। इस बीच सबसे ज्यादा जो वायरल हुआ वो था एक्टर का वाइफ दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) के साथ क्यूट और प्यार भरा पल। रणवीर के इस इवेंट से ढेरों वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिसमें वो पहले तो अकेले ही रैंप वॉक करते हुए नजर आते हैं। इस दौरान वो जैसे ही दीपिका और अपनी मां को साथ में बैठे देखते हैं तो वहीं रुक जाते हैं। इसके बाद एक्टर खुद को रोक नहीं पाते हैं और रैंप छोड़ वाइफ को जाकर Kiss कर खूब प्यार लुटाते हैं। मामला यहीं नहीं थमता है। वो दीपिका के बगल में बैठी अपनी मां के पैर भी छूते हैं। ये क्यूट भरा पल कैमरे में कैद हो जाता है और ये सोशल मीडिया पर खूब वायरल भी हो रहा है।

लोगों ने दिए ऐसे रिएक्शन

अब सोशल मीडिया पर सामने आए दीपिका-रणवीर के इस वीडियो पर लोग जमकर कमेंट्स कर रहे हैं और वो कपल की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। लोगों को कपल का प्यार काफी पसंद आया है। एक ने लिखा, ‘जिस तरह से वो दीपिका को प्यार करते हैं। वो मुझे बहुत पसंद है।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘माय फेवरेट कपल।’ तीसरे ने लिखा, ‘सबसे तेजतर्रार पति।’ इसी तरह से लोगों के खूब रिएक्शन्स इस पर सामने आ रहे हैं।

आपको बता दें कि दीपिका पादुकोण ने इस फैशन इवेंट के लिए ऑफ-व्हाइट नेट साड़ी वाला लुक कैरी किया था। इसमें वो कमाल की खूबसूरत लग रही थीं। इसे उन्होंने कढ़ाई वाले हॉल्टर-नेक ब्लाउज के साथ पेयर किया था। गौरतलब है कि रणवीर सिंह और आलिया भट्ट फिल्म ‘रॉकी रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आने वाले हैं। फैंस को उनकी इस मूवी का बेसब्री से इंतजार है।