रणवीर सिंह जब पहली बार अनुष्का शर्मा संग फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ फिल्म में दिखाई दिए थे तो इस जोड़ी की काफी चर्चा हुई थी। इस फिल्म के बाद दोनों ने एक और फिल्म साथ की- ‘लेडीज वर्सेस रिक्की बहल’। इस फिल्म में भी दोनों की कैमेस्ट्री काफी सिजलिंग थी। फैंस को लगा था कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों के अफेयर को लेकर काफी चर्चा भी हुई थी। ऐसे में एक बार रणवीर सिंह सिमी ग्रेवाल के चैट शो में पहुंचे थे। इस शो में रणवीर सिंह ने अनुष्का शर्मा को लेकर काफी कुछ कहा था।

शो पर रणवीर ने अनुष्का संग अपनी बॉन्डिंग से लेकर रिलेशनशिप तक की बात की थी। शो पर सिमी ग्रेवाल ने रणवीर सिंह से सीधा सवाल किया था- ‘हर कोई आपके और अनुष्का के बारे में बात करता है, आप अनुष्का को डेट क्यों नहीं कर रहे हैं?’

इस पर रणवीर सिंह ने कहा था- ‘हम दोनों एक दूसरे के प्रति बहुत प्रोफेशनल हैं। हालांकि हम हैंग-आउट भी करते हैं, दोस्तों के साथ फिल्म देखने भी जाते हैं। लेकिन हम दोनों एक दूसरे को डेट नहीं कर रहे हैं। क्योंकि ये जरा भी आसान काम नहीं है।’ रणवीर ने इस बीच अनुष्का की काफी तारीफ भी की थी और कहा था- ‘वह बहुत खूबसूरत हैं, लाजवाब हैं, इंटेलिजेंट हैं, बहुत टैलेंटिड हैं।’

सिमी ग्रेवाल ने उनसे आगे पूछा- ‘तो फिर तुम कैसे अनुष्का से दूर रहे?’ ऐसे में रणवीर ने कहा था कि ये उनके लिए काफी मुश्किल था। इस पर सिमी ग्रेवाल ने कहा- ‘तो क्या आप खुद से लड़ रहे थे?’ रणवीर ने जवाब दिया- ‘मैं अनुष्का का बॉयफ्रेंड बनूं, मैं इतना अच्छा नहीं हूं। वो खूबसूरत हैं, टैलेंट से भरी हैं, मैं इतना टैलेंटेड नहीं हूं। वो इंटेलिजेंट हैं, मैं इतना इंटेलिजेंट नहीं हूं। वह मुझसे ज्यादा बेहतरन शख्स डिजर्व करती हैं, मैं अनुष्का के लिए बिलकुल भी ठीक नहीं हूं।’

सिमी ने आगे कहा- ‘क्या आप उनके प्रति आकर्षित थे? रणवीर ने जवाब में कहा था– ‘हां बिलकुल था। पर मुझे लगता है कि अनुष्का मुझसे भी कोई बेहतर डिजर्व करती हैं। हम दोनों एक दूसरे के साथ खड़े नहीं हो पाते हैं, ज्यादातर ऐसा होता है। हमारा रिलेशन ऐसा है कि हम एक दूसरे को मारने पर उतारू हो जाते हैं।’

रणवीर ने आगे कहा था- ‘हम एक दूसरे से इतने अलग लोग हैं कि मैं आपको बता नहीं सकता हूं। मतलब ऐसा है कि अनुष्का रणवीर जैसे किसी इंसान के साथ नहीं रहना चाहेगी, और रणवीर अनुष्का जैसी इंसान के साथ नहीं रहना चाहेगा। मैं रिलेशनशिप वाला शख्स नहीं हूं, मैं रिलेशनशिप के मामले में अच्छा नहीं हूं।’