बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह को जेद्दा में रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में द रेड सी: ऑनरी अवार्ड से सम्मानित किया गया। रेड सी फिल्म फेस्टिवल में कई इंटरनेशनल स्टार्स पहुंचे थे। फिल्मों में उनके शानदार कंट्रीब्यूशन के लिए उन्हें शेरोन स्टोन द्वारा सम्मानित किया गया। अवॉर्ड पाकर खुश हुए रणवीर सिंह ने ऑडियंस में बैठे हॉलीवुड स्टार जॉनी डेप को अपना आइडल बताया।
शेरोन स्टोन ने रणवीर का नाम अनाउंस करते वक्त उनकी तारीफ में कहा, “मुझे पहले रणवीर से मिलकर बहुत खुशी हुई, वह कितना अच्छा लड़का है।” उन्होंने कहा , “एक और प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने के लिए मंच पर उनका स्वागत करते हुए मुझे सच्ची, बहुत खुशी हो रही है।” अपने लिए ये शब्द सुनकर रणवीर खुश हुए और जब वह मंच पर गए उन्होंने जॉनी डेप को अपना स्क्रीन आइडल बताया।
रणवीर ने जॉनी डेप की ओर इशारा करते हुए कहा, ” मैं कुछ देर के लिए ऑफ स्क्रिप्ट जाना चाहता हूं। मेरे एक स्क्रीन आइडल यहां मौजूद हैं। लेडीज एंड जेंटलमैन, जॉनी डेर, माई गॉड सर, मैंने ‘एडवर्ड सिजरहैंड्स’ और ‘व्हाट्स ईटिंग गिल्बर्ट ग्रेप’ से आपको फॉलो किया है। आपकी उपस्थिति में अवॉर्ड पाना कितने सम्मान की बात है। आपने अनजाने में मुझे क्राफ्ट के बारे में जो कुछ भी सिखाया है, उसके लिए धन्यवाद सर। मास्टर ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन, वर्सेलिटी। आप बहुत इंस्पायरिंग हैं।”
विवादों में रहे हैं जॉनी डेप
आपको बता दें कि जॉनी डेप बीते कुछ समय से विवादों में घिरे रहे हैं। उनका अपनी पूर्व पत्नी एंबर हर्ड के साथ कानूनी मामला खूब सुर्खियों में रहा था। एंबर ने उनपर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए थे। डेप ने हाल ही में हर्ड के खिलाफ मानहानि का मुकदमा जीता है, अब वह फिर अपने काम पर फोकस कर रहे हैं। वह अपनी नई फिल्म Jeanne du Barry को लेकर चर्चा में हैं।
वहीं बात अगर रणवीर सिंह के वर्कफ्रंट की करें तो वह अमिताभ बच्चन और अमिताभ बच्चन डॉन फ्रेंचाइजी की अगली पेशकश में नजर आने वाले हैं। इससे पहले उन्हें ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में देखा गया था।